Loading...

दाई हलीमा मैटरनिटी एण्ड जनरल हॉस्पिटल का शुभारंभ

Jaipur

Follow us

Share

भीलवाड़ा, (रॉयल पत्रिका)। भीलवाडा शहर के चिकित्सा इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय उस समय जुड़ गया, जब सोमवार 5 मई को दाई हलीमा  मैटरनिटी एण्ड जनरल हॉस्पिटल का शुभारंभ हुआ। ट्रस्ट के चैयरममैन एवं सदस्यों के मुताबिक यह अस्पताल केवल ईंट-पत्थरों की एक इमारत नहीं, बल्कि एक ऐसे ख्वाब की ताबीर है, जो स्वास्थ्य को बोझ नहीं, बल्कि हर व्यक्ति का हक़ मानता है। सेवा, संवेदना और सच्ची इंसानियत के उसूलों पर खड़ा यह संस्थान खासतौर पर महिलाओं और बच्चों की देखभाल के लिए समर्पित रहेगा। अस्पताल के शुभारंभ के अवसर पर डॉक्टरों और कर्मचारियों की एक समर्पित टीम ने अपनी सेवाओं की शुरुआत की। वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. फरजाना सिद्दीकी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक पंचोली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताहिर हुसैन शेख, फार्मासिस्ट तस्लीम खान, नर्सिंग स्टाफ नाज़िया बानो और एकता राव, व कंप्यूटर ऑपरेटर मोइनुद्दीन खान जैसे अनुभवी व्यक्तियों ने इस मिशन में जुड़कर सेवा की शपथ ली। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे इलाज से पहले भरोसा देंगे, दवाओं से पहले दुआ करेंगे और इस अस्पताल को इंसानियत का ऐसा घर बनाएंगे जहाँ दर्द के बदले राहत और मायूसी के बदले उम्मीद दी जाएगी। चैयरममैन ने बताया कि अस्पताल में मातृत्व एवं प्रसूति विभाग की विशेष व्यवस्था की गई है, जहाँ गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सम्पूर्ण देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जनरल मेडिसिन और ओपीडी सेवाओं के अंतर्गत आम बीमारियों से लेकर विशेषज्ञ परामर्श तक की सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी जैसी नैदानिक सेवाएं भी अस्पताल परिसर में ही सुलभ कराई गई हैं। 24 घंटे अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की मौजूदगी हर मरीज को बेहतर देखभाल देने के लिए तत्पर रहेगा। संस्थान का विशेष फोकस इस बात पर है कि इलाज और दवाइयाँ आम लोगों की पहुंच में रहें, इसलिए हर सेवा किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि यह संस्थान सिर्फ इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है। यह हर उस माँ के लिए एक सुरक्षित आश्रय बनेगा जो अपने और अपने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करती है। शहरवासियों ने इस नई पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि यह अस्पताल आने वाले समय में भीलवाड़ा में चिकित्सा और मानवता की एक मजबूत मिसाल बनेगा। दाई हलीमा  मैटरनिटी एण्ड जनरल हॉस्पिटल अब उन तमाम लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण बन चुका है, जो बेहतर इलाज की आस लिए दर-दर भटकते हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।