हज के मुकद्दस सफर पर रवाना होंगे राजस्थान के हाजी, पहली फ्लाइट 1 मई को
- 8 दिन में जाएंगी 17 फ्लाइट, पहली उड़ान में 164 यात्री
- इस बार प्रदेश से जाएंगे कुल 3,408 हाजी
जयपुर। राजस्थान से 1 मई से हज यात्रियों के जाने का सिलसिला शुरू होगा। राजस्थान से इस बार 3,408 हज यात्री हज के मुकद्दस सफर पर जाएंगे। हज यात्रा को लेकर राजस्थान हज कमेटी में इन दिनों तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। 1 मई से 8 मई तक राजस्थान से 17 फ्लाइट मदीना जाएंगी। पहली फ्लाइट एक मई में को शाम 6 बजकर 10 मिनट पर जाएगी, जिसमें 164 हज यात्री जाएंगे। रात करीब 10:45 बजे फ्लाइट मदीना पहुंचेगी। मोहम्मद शाहिद ने बताया कि जिन हाजियों को पहली फ्लाइट से हज यात्रा पर जाना है, वो लोग कर्बला मैदान स्थित हज हाउस में बनाए गए रिपोर्टिंग पॉइंट पर पहुंच रहे हैं। उनके तमाम दस्तावेज चेक करने के बाद ही उन्हें फ्लाइट की टिकट और अन्य जरूरी दस्तावेज दिए जा रहे हैं। हज हाउस से जयपुर एयरपोर्ट तक हाजियों को ले जाने के लिए बसों और अन्य गाड़ियों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे कि हाजियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। मोहम्मद शाहिद ने बताया कि हज हाउस में हाजियों के ठहरने, रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है। हाउस में ही मनी एक्सचेंज के काउंटर भी लगाए गए हैं, जहां पर हाजियों को सऊदी अरब की करेंसी रियाल दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हज यात्रा को लेकर पिछले कई माह से तैयारी चल रही थी। हाजियों को हज के दौरान होने वाले क्रियाकलापों की ट्रेनिंग भी दी गई थी और किस प्रकार से हज करना है उसकी भी ट्रेनिंग दी गई थी। साथ ही उनके टीके भी लगाए गए थे। सऊदी अरब में हज के दौरान राजस्थान के हाजियों की सेवा के लिए खादिम उल हुज्जाज (हज सेवक) भी जाएंगे। इनमें अधिकांश सरकारी कर्मचारी और अधिकारी स्तर के लोग होते हैं, जिन्हें राजस्थान हज कमेटी हाजियों की सेवा के लिए भेजते हैं। इनमें डॉक्टर, नर्स और अन्य सेवाओं के अधिक कर्मचारी भी होते हैं। सऊदी अरब में हज यात्रा सम्पन्न होने के बाद हज यात्रियों की वापसी 16 जून से होगी। 16 जून को हाजियों का पहला जत्था जयपुर पहुंचेगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
