हथियार की नोंक पर ज्वेलरी शॉप में लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक फरार
- बगरू में दिनदहाड़े हुई थी 70 लाख के सोने की लूट, डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने किया खुलासा
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। बगरू थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से 70 लाख रुपए का सोना लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने सोमवार को इस मामले का खुलासा किया।डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया लाल शर्मा उर्फ चिंकू पंडित, सोहेल पठान और प्यारे लाल लुहार शामिल हैं। इनके कब्जे से दो देसी कट्टे, तीन कारतूस, दो बाइक, एक कंटेनर और लूटी गई ज्वेलरी बरामद की गई है। फरार बदमाश कौशल निवासी बगरू की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जेल में बना गैंग, बाहर निकलकर रची लूट की साजिश
जांच में सामने आया कि कन्हैया लाल और कौशल पहले आर्म्स एक्ट में जेल जा चुके हैं। जयपुर जेल में इनकी मुलाकात जोधपुर निवासी सोहेल पठान से हुई थी। सजा पूरी करने के बाद तीनों ने जल्द पैसा कमाने के लिए बैंक या ज्वेलरी शॉप लूटने की योजना बनाई। बगरू स्थित मुथूट फाइनेंस बैंक समेत आस-पास की कई ज्वेलरी दुकानों की रेकी की गई। 22 जुलाई की शाम को तीनों बदमाशों ने बगरू में एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया। एक बदमाश ने देसी कट्टा लहराकर दुकानदारों को डराया और फिर दुकान के शीशे के दरवाजे पर गोली चला दी। दहशत का फायदा उठाते हुए वे दो बैग में सोने-चांदी के गहने भरकर बाइक से भाग निकले। वारदात स्थल से थोड़ी दूरी पर खड़े एक कंटेनर में छिपकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस के अनुसार कन्हैया लाल शर्मा बगरू रीको एरिया में आईएमएल कंटेनर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करता था। उसी कंपनी में प्यारे लाल ड्राइवर था, जिसे भी प्लान में शामिल कर लिया गया था। योजना के अनुसार प्यारे लाल कंटेनर लेकर वारदात स्थल के पास मौजूद रहा, ताकि बाइक पर भागते बदमाश कंटेनर में छिप सकें और पुलिस को चकमा देकर बच निकलें। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया कि फरार आरोपी कौशल की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
