Loading...

पोस्टर विवाद पर बालमुकुंद आचार्य ने माफी मांगी, राठौड़ ने सबको साथ रहने का संदेश दिया

Jaipur

Follow us

Share

  • इससे पूर्व भी माफी मांग चुके हैं बाबा बालमुकुंद आचार्य

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर में जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद में शुक्रवार देर रात पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में मस्जिद की सीढ़ियों मे घुस कर तथा आपत्तिजनक नारेबाजी करने और पोस्टर चिपकाने के विवाद को लेकर विधायक बालमुकुंद आचार्य विवादों में फँस गए हैं। इस घटना के बाद विधायक के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालाँकि जामा मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वे एफआईआर पर कानूनी कार्रवाई का इंतजार करेंगे, शाम की नमाज के बाद जौहरी बाजार स्थित मस्जिद के बाहर आक्रोशित युवाओं की भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने बाबा बालमुकुंद आचार्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने वाले नारे लगाए। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

बालमुकुंद आचार्य ने मांगी माफी

जयपुर के हवा महल विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने बाबा बालमुकुंद आचार्य 2023 के विधानसभा चुनाव में महज 974 वोटों से जीतकर आए हैं और तब से विवादों में बने रहते हैं। वे हाथोज धाम मंदिर के मुख्य पुजारी भी हैं और नॉन वेज होटल्स, मस्जिदों में लाउडस्पीकर, सरकारी स्कूलों में ‘हिजाब’ और शहर में बांग्लादेशी तथा रोहिंग्या शरणार्थियों की उपस्थिति के खिलाफ भी बोल चुके हैं।

जामा मस्जिद के मामले में बढ़ते दबाव में आकर बाबा ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाएँ आहत करना नहीं था और वे फिर से ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी कर कहा कि पोस्टर लगाने से यदि किसी को दुख पहुँचा है तो मैं क्षमाप्रकट करता हूँ। मेरा किसी भी समुदाय या धर्म को आहत करना उद्देश्य नहीं था। इस कठिन समय में हमें एकजुट रहकर आतंकवाद का मुकाबला करना है।

  • इससे पूर्व भी मांगी मांग चुके हैं बाबा बालमुकुंद

वहीं दिसंबर 2023 में चुनाव जीतने के अगले दिन ही उन्होंने जयपुर के हवा महल इलाके में नॉन वेज की दुकानें बंद कराने पहुँच गए थे। बाद में आलोचना बढ़ने पर आचार्य ने माफी मांगी और बताया कि उन्होंने जोर से बात इसलिए की क्योंकि गले में दर्द था, उनको चिल्लाना नहीं था।

  • प्रदेशाध्यक्ष ने लगाई फटकार

इस बीच, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बालमुकुंद आचार्य को फोन पर फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि यह समय सबको साथ लेकर चलने का है। पहलगाम आतंकी घटना के बाद राज्य सरकार प्रदेशभर में सबको साथ लेकर चल रही है। ऐसे में विधायक बालमुकुंदचार्य अलग-थलग पड़ गए हैं। राठौड़ ने कहा कि बीजेपी सभी धर्मों और धार्मिक स्थलों का सम्मान करती है और किसी भी धर्म के खिलाफ भेदभाव को स्वीकार नहीं करती, जो लोग जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हमारे साथ कई मुसलमान भाई जुड़े हुए है, जो देशभक्त है, हमें राष्ट्रभक्त मुसलमानों के साथ कोई अन्याय नहीं करना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि बालमुकुंदाचार्य ने भी यदि अनजाने में कोई गलती की है तो खेद प्रकट किया है। बालमुकुंदाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के मामले को लेकर राठौड़ ने कहा कि कानून अपना काम करेगा, कानून की पालना करना सभी की जिम्मेदारी है। राठौड़ ने विधायक से कहा कि यह समय सबको साथ लेकर चलने का है। जिसके बाद बालमुकुंदाचार्य ने आश्वस्त किया कि ऐसा वापस नहीं होगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।