हज़रत बुर्रहानुद्दीन चिश्ती रह.अ. के उर्स मेले में झलकी गंगा-जमुनी तहज़ीब
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। मनोहरपुर क्षेत्र के ताला ग्राम पंचायत स्थित ऊंची डूँगरी पर विराजमान हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हज़रत बाबा बुर्रहानुद्दीन चिश्ती रह.अ. की दरगाह पर आयोजित पांच दिवसीय सालाना उर्स मेला पूरी शानो-शौकत के साथ परवान पर है। यह आयोजन ना सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि भाईचारे और एकता की मिसाल भी पेश कर रहा है। ग्राम पंचायत ताला के सरपंच अमीर खान शेख ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला 17 अप्रैल, गुरुवार से आरंभ हुआ था और दिन-ब-दिन इसमें श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। दूर-दराज़ से आने वाले ज़ायरीनों का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया। दरगाह के खादिमान की देखरेख में जगह-जगह ठंडे शरबत और पानी की सबीलें लगाई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सहूलियत मिल रही है। परंपरा अनुसार चावल और दाल की किंदूरी बनाकर बाबा को पेश की गई। इसके बाद ईशा की नमाज़ के बाद महफिल-ए-मीलाद का आयोजन हुआ और रात 11 बजे से महफिल-ए-शमा में देशभर की मशहूर कव्वाल पार्टियों ने हज़रत बाबा की शान में मनुहार पेश की। मेले के अंतिम दिन, 20 अप्रैल रविवार को सुबह 11 बजे सामूहिक कव्वालियों के साथ “कूल की रस्म” अदा की गई। इसके बाद ज़ायरीनों ने चादर, गुलाब, इत्र, अगरबत्ती व फूल चढ़ाकर अपनी अकीदत का इज़हार किया। पारंपरिक रस्म ‘जात जडूले’ की अदायगी के साथ उर्स का समापन हुआ। इस मुबारक मौके पर जनप्रतिनिधि से लेकर आम जनता तक हज़रत बाबा की दरगाह में हाजिरी देने पहुंचे। शाकिर खान शेख, अब्दुल रज्जाक खान शेख, किसान नेता सुवा खान और अख्तर क़ाज़ी ने जानकारी दी कि मेला क्षेत्र में पूरी तरह अमन-ओ-सुकून का माहौल रहा और स्थानीय प्रशासन ने भी सहयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
