पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग की
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइडेट के प्रमुख नीतीश कुमार को उपप्रधानमंत्री यानी डिप्टी पीएम बनाए जाने की मांग की गई है। ये मांग भाजपा के ही वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने की है। अश्विनी चौबे ने कहा है कि यह उनकी व्यक्तिगत इच्छा है। बता दें कि केंद्र में आने से पहले अश्विनी कुमार चौबे नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आइए जानते हैं कि उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर और क्या कुछ कहा है।
नीतीश को डिप्टी पीएम बनाए जाने की अपनी मांग पर अश्विनी कुमार चौबे ने कहा- ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में नीतीश कुमार का उल्लेखनीय योगदान है। वह गठबंधन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत कर रहे हैं। मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि उन्हें उपप्रधानमंत्री बनाया जाए। यदि यह इच्छा पूरी हुई तो बिहार बाबू जगजीवन राम के बाद अपनी धरती के दूसरे बेटे को इस पद पर आसीन होते देखेगा।’’
दरअसल, बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव का आयोजन किया जाना है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि 74 वर्षीय नीतीश कुमार को सम्मानजनक विदाई की पेशकश की जा सकती है। हालांकि, ये बात साफ कर दी गई है कि एनडीए गठबंधन बिहार में सीएम नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा। अश्विनी चौबे की मांग पर जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि ‘‘एनडीए के सभी सहयोगी सीएम नीतीश को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के नेता के रूप में स्वीकार करते हैं।’’ वहीं, राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने अश्विनी चौबे पर निशाना साधा और उन्हें भाजपा का स्वयंभू प्रवक्ता कहा। एजाज अहमद ने कहा, ‘‘बेशक, भाजपा नीतीश कुमार से छुटकारा पाना चाहती है। लेकिन चौबे को यह समझना चाहिए कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर हमारे नेता तेजस्वी यादव काबिज होंगे। भाजपा के सभी नेता बिहार में सत्ता की सर्वोच्च सीट के बारे में दिवास्वप्न देख सकते हैं।’’
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
