फिल्मों में माँ-बहन की गालियों पर सख्त रोक की माँग: रवि शंकर धाभाई ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। अखिल भारतीय गुर्जर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि शंकर धाभाई ने हिंदी फिल्मों में माँ और बहन से जुड़ी गाली-गलौच के बढ़ते चलन पर गहरी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे हिन्दू सनातन संस्कृति, देश की मर्यादा और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए सख्त कार्रवाई की माँग की है। धाभाई ने इस विषय में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री डॉ. एल मुरूगन को एक मांग पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने कहा है कि आजकल की फिल्मों में बार-बार माँ और बहन को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे युवाओं में गलत संदेश जा रहा है और सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गाली-गलौच से देश की महिलाओं की गरिमा, संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुँच रही है। सिर्फ डिस्क्लेमर या चेतावनी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसे संवादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। धाभाई ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिनों के भीतर सभी फिल्म प्रोड्यूसर्स को इस विषय में स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं भेजे गए और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय गुर्जर महासंघ पूरे देश में उग्र आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि समय रहते सख्त कदम न उठाने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और विभागों की होगी। उन्होंने अपने पत्र को जनहित में लिया गया कदम बताया और आग्रह किया कि तीन दिनों में की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
