Loading...

सुकेत में तीन  बेटियां लापता, परिजनों की गुहार पर मंत्री बोले- आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलेगा

Jaipur

Follow us

Share

डॉ० तौहीद

सुकेत, (रॉयल पत्रिका)। कस्बे से तीन बेटियों के लापता होने का मामला सामने आया है। इनमें दो नाबालिग हैं।  बेटियों के परिजनों ने शनिवार रात को यहां आए शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री के सामने उनकी बेटियों की बरामदगी की गुहार लगाई। इस पर मंत्री ने मौके पर मौजूद थानाधिकारी को निर्देश दिए। फिर डीएसपी से मोबाइल पर बात कर तुरंत बालिकाओं को दस्तयाब करने की बात कही। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर शनिवार रात को यहां पहुंचे। यहां उनके स्वागत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान तीन बेटियों के परिजन भी पहुंच गए और मंत्री को बताया कि उनकी बेटियां एक-दो माह से लापता हैं। इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। बेटियां किस स्थिति में हैं, यह चिंता बनी हुई है। परिजनों ने पुलिस पर भी मामले को गंभीर नहीं लेने का आरोप लगाया। इस पर मंत्री दिलावर ने मौके पर मौजूद थानाधिकारी छोटूलाल को बुलाकर पूछा कि कस्बे से कितनी बच्चियां लापता हैं और पुलिस क्या कर रही है। थानाधिकारी छोटूलाल ने बताया कि 3 बालिकाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस लगातार तलाश कर रही है। दो-तीन टीमें लगाई गई हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। इस पर मंत्री ने डीएसपी घनश्याम मीणा से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि बेटियों को तलाशने के लिए जितनी भी टीमें चाहिए, लगाई जाएं। इसके लिए वे एसपी से भी बात करेंगे। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगले 5 से 7 दिनों में तीनों बेटियां अपने घर लौटनी चाहिए।

  • मंच से चेतावनी- बुरी नजर रखी तो बख्शेंगे नहीं

सभा में मंत्री दिलावर ने कहा कि कस्बे में गुंडागर्दी नहीं चलेगी। जो भी बहन-बेटियों पर बुरी नजर डालेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह किसी भी धर्म का हो। बच्चियां सभी की हैं और उनके साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बच्चियों को भगाकर ले जाते हैं, उनके परिजन और रिश्तेदार सुन लें। यदि बच्चियां सही-सलामत घर नहीं लौटीं, तो उनके मकानों पर बुलडोजर चलेगा। मंत्री ने कहा कि उन्होंने सुकेत को कन्या महाविद्यालय इसलिए दिया, ताकि बेटियां पढ़-लिखकर अफसर बने, लेकिन यदि कस्बे में बहन-बेटियों के साथ ऐसा ही व्यवहार चलता रहा तो इस कॉलेज को कहीं और शिफ्ट कर देंगे या रद्द कर देंगे। बीते एक साल में सुकेत थाने में युवतियों व बालिकाओं की गुमशुदगी के कुल 38 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 20 बालिग व 18 नाबालिग हैं। सुकेत थाने के अनुसार पिछले 6 माह में 20 बालिग लड़कियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई। जिनकी उम्र 18 से 22 साल के बीच थी। इन सभी को दस्तयाब कर लिया गया है। वहीं पिछले 1 साल में 18 नाबालिग लड़कियां गुम हुई हैं। इसमें से पुलिस ने 16 लड़कियां दस्तयाब कर ली हैं। दो का सुराग नहीं लगा है। परिजनों ने मंत्री से शिकायत की है।

“बीते दो महीनों में तीन बालिकाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने विशेष टीम का गठन भी किया है। जल्द बालिकाओं को दस्तयाब किया जाएगा।“

  • छोटूलाल, थानाधिकारी, सुकेत

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।