रमज़ान से जुड़े सवाल- जवाब
- सवाल:- क्या रोज़े की हालत में ख़ून चेक करवा सकते हैं?
- जवाब:- हाँ, करवा सकते हैं। इससे रोज़े पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इतना ख्याल रखना चाहिए कि इतना ज़्यादा खून ना निकले जिससे कमज़ोरी हो।
- सवाल:- रोज़े की हालत में इन्हेलर इस्तेमाल करना कैसा है?
- जवाब:- अगर किसी को दमा की बीमारी है और बिना इन्हेलर के दम घुटने लगे, तो वह इस्तेमाल कर सकता है, मगर इससे रोज़ा टूट जाएगा और अगर यह बीमारी मुस्तकि़ल हो तो ऐसा शख़्स रोज़ों के बदले फ़िदा दे।
- सवाल:- क्या रोज़े की हालत में आँखों में दवाई डाल सकते हैं?
- जवाब:- हाँ, आँख में डाली गई दवा से रोज़ा नहीं टूटता फ़िर भी चूंकि इसमें नई तहक़ीकात की रोशनी में कुछ इख़्तिलाफ़ हुआ है, इस लिए दिन में आंखों में दवा डालने से परहेज़ करना बेहतर है।
- सवाल:- रोज़े की हालत में कानों में दवा डालना कैसा है?
- जवाब:- कान में दवा डालने से रोज़ा टूट जाएगा।
- सवाल:- रोज़े की हालत में दाँत निकलवाने से रोज़ा टूटेगा?
- जवाब:- नहीं, लेकिन अगर खून हलक़ में चला गया, तो रोज़ा टूट जाएगा, इस लिए ऐसे काम रात या रोज़ों के अ़लावा दिनों में करें।
- सवाल:- रोज़े की हालत में टूथपेस्ट कर सकते हैं?
- जवाब:- मकरूह है क्योंकि उसका ज़ायका हलक़ में जाने का ख़तरा होता है, इस लिए मिस्वाक का इस्तेमाल करना चाहिए।
- सवाल:- अगर रोज़े में उल्टी आ जाए तो रोज़े का क्या हुक्म है?
- जवाब:- अगर ख़ुद ब-खु़द उल्टी आ जाए तो रोज़ा नहीं टूटता। लेकिन अगर जान-बूझकर उल्टी कर दी और मुँह भरकर थी, तो रोज़ा टूट जाएगा।
- सवाल:- अगर रोज़े में मुँह में जमा थूक निगल लें तो रोज़े का क्या होगा?
- जवाब:- कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन जान-बूझकर थूक इकट्ठा करके निगलना अच्छा नहीं।
- सवाल:- रोज़े की हालत में नाक में उंगली डालने से रोज़े का क्या हुक्म है?
- जवाब:- कोई हर्ज नहीं।
- सवाल:- क्या सफ़र के दौरान रोज़ा छोड़ सकते हैं?
- जवाब:- हाँ, अगर सफ़र 92 किलोमीटर या उससे ज़्यादा का है और घर से निकल चुके हैं, तो रोज़ा छोड़ सकते हैं।
- सवाल:- गर्मी में भारी काम करने वालों के लिए रोज़े का क्या हुक्म है?
- जवाब:- रोज़ा रखना ज़रूरी है, इस लिए जो मशक्कत भरा काम करते हों, रमज़ान में काम का टाइम कम या काम का टाइप कुछ हल्का कर लें।
- सवाल:- अगर रोज़े में भूलकर खा-पी लिया तो क्या रोज़ा टूट गया?
- जवाब:- नहीं, भूलकर खाने-पीने से रोज़ा नहीं टूटता।
- सवाल:- अगर कोई रोज़े में पानी से कुल्ली कर रहा हो और हलक़ में पानी चला जाए तो रोज़ा रहेगा?
- जवाब: नहीं, अगर जान-बूझकर ऐसा किया तो रोज़ा टूट जाएगा, लेकिन भूल से हो गया तो रोज़ा रहेगा।
- सवाल:- रोज़े में मुँह सूखने लगे तो क्या होंठ गीले कर सकते हैं?
- जवाब: हाँ, इसमें कोई हर्ज नहीं।
- सवाल:- क्या रोज़ा तोड़ने पर सिर्फ़ क़ज़ा करनी होगी या कफ़्फ़ारा भी देना होगा?
- जवाब:- अगर जान-बूझकर बिना शरई वजह के तोड़ा, तो कफ़्फ़ारा है यानी 60 रोज़े रखने पड़ेंगे, वरना सिर्फ़ क़ज़ा करनी होगी।
(मुफ्ती अय्युब मिस्बाही के हवाले से)
रमज़ान से जुड़े किसी भी तरह के सवालों के जवाब 98280-49081 नंबर पर व्हाट्सप्प या मैसेज कर पूछ सकते हैं
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
