सुन्दर नगर में अवैध कचरा प्लांट हटाने की मांग, विकास समिति ने विधायक रफीक खान से की अपील
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। सुन्दर नगर विकास समिति ने जयपुर के आदर्श नगर क्षेत्र के विधायक रफीक खान को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित अवैध कचरा प्लांट को हटाने की मांग की है। यह कचरा प्लांट स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। सुन्दर नगर विकास समिति के सचिव, एडवोकेट मुजाहिद अख्तर ने बताया कि लाल डूंगरी, दिल्ली बाईपास रोड स्थित सुंदर नगर कॉलोनियों के निवासियों के लिए यह कचरा प्लांट असहनीय समस्याएँ उत्पन्न कर रहा है। इस अवैध कचरा डिपो में जयपुर के डोर-टू-डोर हूपर से कचरा लाया जाता है और यहीं पर डालकर आगे 7-8 किलोमीटर दूर भेजा जाता है। समिति का कहना है कि इस प्रक्रिया का कोई औचित्य नहीं है, और कचरा एक ठेकेदार द्वारा उठाने के बजाय यहीं फैलाया जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में कई गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। मुख्य समस्याओं में दुर्गंध और प्रदूषण, आग लगने की घटनाएँ, जल और मिट्टी का प्रदूषण, मच्छरों और बीमारियों का खतरा और बच्चों तथा बुजुर्गों पर पड़ने वाला नकरात्मक प्रभाव शामिल हैं। समिति ने इस कचरा डिपो से उठने वाली दुर्गंध के कारण क्षेत्रवासियों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ने की बात भी उठाई है। साथ ही, गर्मी के मौसम में कचरे में आग लगने से उठने वाले धुएं के कारण भी स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सुन्दर नगर विकास समिति ने विधायक से आग्रह किया है कि इस अवैध कचरा प्लांट को जल्द से जल्द हटाया जाए और इसे एक वैध स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन बेहतर हो सके। समिति ने यह भी कहा कि यदि कचरा प्लांट के कारण स्थिति नहीं सुधारी गई, तो यह क्षेत्र में एक और स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकता है, जैसा कि कोरोना महामारी के दौरान हुआ था।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
