मदरसा खेल महोत्सव ‘उमंग 2K25’ का जयपुर में आगाज, विजेता टीम पहुंचेगी जिला स्तर पर
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर में पहली बार मदरसा स्कूलों के छात्रों के लिए खेल महोत्सव ‘उमंग 2K25’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध के निर्देशन में जिले के प्रत्येक ब्लॉक में इस खेल महोत्सव का आयोजन हो रहा है, जिसमें 14 ग्रुप्स में बंटे मदरसा स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। ब्लॉक स्तर पर विजेता बनने वाली टीम को जिला स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। इसी क्रम में पूरे जिले के विभिन्न ब्लाक में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
खोह नागोरियान ब्लॉक (ग्रुप-9) में रोमांचक मुकाबले
शनिवार एक फरवरी को खोह नागोरियान ब्लॉक (ग्रुप-9) के तहत करीमनगर स्थित निराला गार्डन में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी फरहान इसराइली और सह-प्रभारी इमरान खान सहित सभी मदरसों से शिक्षक मौजूद रहे। स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि हाजी मोहम्मद जाकिर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं ने खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद, छोटी कूद, रस्साकशी और रुमाल झपट्टा जैसे खेलों में दमखम दिखाया। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक टीम का चयन किया गया, जो अब जिला स्तर पर अन्य ब्लॉक्स की विजेता टीमों से मुकाबला करेगी।

ग्रुप-1 के मुकाबले कर्बला हज हाउस लॉन में संपन्न
एक फरवरी को ही ग्रुप-1 के खेल मुकाबले जयपुर के कर्बला स्थित हज हाउस लॉन में हुए। इस आयोजन में आमेर, नाई की थड़ी, रामगढ़ मोड़ और कर्बला के मदरसों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि पार्षद प्रतिनिधि अख्तर हुसैन ने प्रतिभागियों की सराहना की। प्रतियोगिता की व्यवस्था प्रभारी शकील अहमद और सह-प्रभारी सैयद जाहिर अली ने संभाली। ज़ाहिर अली ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य मदरसा छात्रों को खेलों के प्रति जागरूक करना और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना है। इस आयोजन में 225 बच्चों ने हिस्सा लिया। हर प्रतिभागी को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बेहतरीन खिलाड़ियों की टीम को जिला स्तर पर खेलने के लिए चुना गया। इस मौके पर अहले सादात वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष राशिद नकवी और अब्दुल हमीद नकवी ने बच्चों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
