Loading...

स्कूल बंद से नदियां उफान तक… देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज

स्कूल बंद से नदियां उफान तक… देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज

Follow us

Share

Heavy Rain IMD Alert In India : नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। आईएमडी ने उत्तर, पूर्व, पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 31 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के बड़े हिस्सों में सक्रिय रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने राजस्थान, बिहार समेत 7 राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश से कई राज्यों का हाल

पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बारिश के चलते यूपी में 10 नदियां उफान पर हैं। वहीं, बिजनौर में गंगा का पानी बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। गुजरात में आज सभी स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है। वहीं, उत्तराखंड में भी खराब मौसम को देखते हुए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में भी आज स्कूल बंद हैं। इधर, पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में उमस से गर्मी बढ़ गई है। जैसलमेर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। वहीं मध्य प्रदेश में मानसून का सिस्टम एक्टिव हैं। इसके चलते अगले 2 दिन प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं बिहार में मानसून मजबूत बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में चार दिनों से बारिश का दौर जारी

उत्तराखंड में पिछले चार दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की आशंका है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। विभाग के मुताबिक, राज्य में 5 अगस्त ऐसा ही मौसम रहने वाला है।

एमपी में 48 घंटे तेज बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरे जोर पर है। मौसम विभाग के अनुसार, एमपी में मानसून का सबसे मजबूत सिस्टम सक्रिय हो गया है। यह सिस्टम बालाघाट क्षेत्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश कर चुका है और इसका प्रभाव भोपाल से उज्जैन तक महसूस किया जा रहा है। इसी वजह से कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और बारिश का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर और खंडवा समेत कई जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायसेन, उज्जैन, सीहोर, इंदौर, देवास और रतलाम में भी तेज बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश में 24 घंटे के दौरान कई जिलों में मूसलधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश खरगोन जिले के गोगावां में 7.6 इंच दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 33 शहरों और कस्बों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की।

Advertisement

यूपी में कमजोर हुआ मानसून

यूपी में मानसून एक फिर से कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना दबाव अब ओडिशा-छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ गया है, जिस वजह से यूपी में मानसूनी गतिविधियों पर ब्रेक लग गया है। वहीं सैटेलाइट इमेज में उत्तरप्रदेश के करीब 90 फीसदी हिस्से से मानसूनी बादल गायब दिख रहे हैं। वहीं पहाड़ो पर हो रही भारी बारिश से यूपी की गंगा, घाघरा-सरयू समेत 10 नदियां उफान पर हैं। वहीं, बिजनौर में गंगा नदी का पानी बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। रायपुर खादर और मीरापुर सीकरी गांव में सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। शुक्रवार सुबह से प्रदेश के 35 शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने 24 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ललितपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

राजस्थान के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में आज से तीन दिन तक कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने राजस्थान के 5 जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, बाकी जिलों में यलो अलर्ट है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली में शुक्रवार सुबह रुक-रुक कर एक घंटे तक बारिश हुई। वहीं बीते 24 घंटे में जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर सहित कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।