Loading...

राहुल-अखिलेश को उठाकर ले गई पुलिस, PM आवास के बाहर धरने से हटाए गए कांग्रेसी सांसद

राहुल-अखिलेश को उठाकर ले गई पुलिस, PM आवास के बाहर धरने से हटाए गए कांग्रेसी सांसद

Follow us

Share

Congress Protest Parliament March : नई दिल्ली। पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पीएम आवास के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी के साथ अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस ने धरनास्थल से हटाकर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों ही नेताओं को धरनास्थल से उठाकर बस में बैठा दिया गया है। जैसे ही पुलिस राहुल गांधी को उठाने आई, वो जमीन पर लेट गए। इस पर पुलिस कर्मी उन्हें हाथ-पैर से पकड़कर उठाकर ले गए। कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में पीएम आवास के पास मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे से धरने पर बैठे थे। पुलिस धरने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस नेता मौजूद थे। इससे पहले कांग्रेस के प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे। राहुल गांधी से चर्चा करने के बाद वह गृह मंत्री अमित शाह के पास गए। शाह से बातचीत के बाद उन्होंने फिर राहुल से बात की।

सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की मांग थी कि NEET पर संसद में चर्चा हो। राहुल की यह मांग मान ली गई थी। लेकिन राहुल अपनी बात से मुकर गए। वह बोले- अब हमारी दो मांगे हैं। पहली- NEET पर संसद में चर्चा, दूसरी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा। गृह सचिव ने राहुल से कहा- यह जगह धरने के लिए अनुकूल नही हैं, इस पर राहुल बोले- ये भी मेरी मर्जी है जहां चाहे बैठें। इधर, धरनास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम और गृहमंत्री इस्तीफा दो के नारे लगा रहे हैं। प्रदर्शन के बीच यहां पुलिस ने पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। कांग्रेस का यह प्रदर्शन बेहद सीक्रेट रहा। राहुल समेत सभी नेता कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर से पीएम आवास तक पैदल मार्च करके पहुंचे। जब ये लोग 100 मीटर दूर थे तब मीडिया को जानकारी दी गई।

उधर, जंतर-मंतर पर भी कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। यहां हजारों प्रदर्शनकारी मौजूद हैं। बता दे कि इससे पहले सीजेपी के संसद मार्च में हुए लाठीचार्ज के एक दिन बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरएमएल अस्पताल में घायल छात्रों से मुलाकात की थी।

Advertisement

खड़गे के घर पर हुई मार्च की सीक्रेट प्लानिंग

कांग्रेस ने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से पीएम आवास तक मार्च निकालने और धरना देने की सीक्रेट प्लानिंग की थी। दरअसल, आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का 84वां जन्मदिन है। रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस सांसदों को खड़गे का जन्मदिन मनाने के लिए उनके आवास पर बुलाया गया। जब सब वहां एकत्र हुए, तभी वहां तय किया गया कि पीएम आवास तक मार्च करते हुए जाएंगे और पीएम के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना देंगे।

प्रदर्शन पर क्या बोले राहुल गांधी?

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के लिए प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने के लिए हम उनके घर तक पैदल मार्च करके गए। सरकार न तो कोई जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर बहस करना चाहती है। भारत के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।”

यह खबर भी पढ़ें :- सोमन वांगचुक को अस्पताल ले गई पुलिस, वांगचुक की पत्नी ने दी चेतावनी

राहुल और प्रियंका ने घायल छात्रों से मुलाकात की

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मंगलवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचकर उन छात्रों से मुलाकात की, जो नीट पेपर लीक मामले को लेकर संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए थे। दोनों नेताओं ने छात्रों का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उस घायल युवती की मां से भी मुलाकात की, जो आरएमएल अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पार्टी के संगठन महासचिव (के) सी. वेणुगोपाल के साथ सोमवार को युवा प्रदर्शन के दौरान “पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज” में घायल छात्रों से मुलाकात की। पोस्ट में कांग्रेस ने कहा, “आज देश के छात्रों के भविष्य को कुचला जा रहा है और अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। इसके लिए नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए। छात्रों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है कि सरकार पेपर लीक की जिम्मेदारी ले और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।”

यह खबर भी पढ़ें :-पीएम मोदी बोले- हम छात्रों के साथ हैं, पेपर लीक के दोषियों को सजा मिलेगी

यह खबर भी पढ़ें :- ‘सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं’: वांगचुक की पत्नी की हाईकोर्ट में याचिका

राहुल बोले- पीएम मोदी माफी मांगें

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के साथ हुई “पुलिस की बर्बरता” के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और गृह मंत्री अमित शाह के साथ इस्तीफा देना चाहिए। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने मंगलवार सुबह अन्य सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और विपक्ष छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहता है। राहुल गांधी ने कहा, “उन्होंने (ओम बिरला) कहा कि उन्हें इसके लिए सरकार से पूछना होगा। इसका मतलब है कि संसद में चर्चा कराने के लिए भी लोकसभा अध्यक्ष को सरकार की अनुमति लेनी पड़ती है।” उन्होंने कहा, “यह छात्रों और युवाओं के भविष्य का मुद्दा है। जिस तरह लोगों की पिटाई की जा रही है, वह पूरी तरह भारतीय परंपराओं के खिलाफ है। जो कुछ कल हुआ, उसके लिए मोदी जी ने अब तक माफी भी नहीं मांगी है।”

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।