Loading...

पुणे मर्डर केस : जोधपुर का रहने वाला है चेतन चौधरी; पिता की किराना की दुकान संभालने गया था पुणे, वहीं हुई सिया गोयल से मुलाकात और…

पुणे मर्डर केस : जोधपुर का रहने वाला है चेतन चौधरी; पिता की किराना की दुकान संभालने गया था पुणे, वहीं हुई सिया गोयल से मुलाकात और…

Follow us

Share

Ketan Agarwal Murder Case : पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहगढ़ फोर्ट पर हुई केतन विशाल अग्रवाल (26) की मौत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। केतन की हत्या के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में अब सिया गोयल (20) और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (23) के रिश्ते की परतें खुलने लगी हैं। पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पिछले कई महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध था और वे कई बार साथ घूमने भी गए थे। जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों की बातचीत और मुलाकातों से जुड़े कई सबूत भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

जोधपुर का रहने वाला है चेतन चौधरी

पुलिस को जानकारी में पता चला है कि आरोपी सिया गोयल ने अपने जिस बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर कथित रूप से केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले से नीचे फेंका था, वह राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र के पलासनी गांव का रहने वाला है। चेतन चार बहनों का इकलौता भाई है। चेतन के पिता बाबूलाल सीरवी पिछले कई वर्षों से पुणे में अपने भाइयों के साथ परचून की दुकान चलाते हैं। कोविड महामारी के दौरान कारोबार प्रभावित होने के बाद चेतन भी पिता का हाथ बंटाने पुणे चला गया था। वहीं उनकी दुकान के सामने ही सिया के पिता का प्रॉपर्टी बिजनेस का ऑफिस है। चेतन सिया के कॉलेज में पढ़ता था। सिया पिता के ऑफिस आती-जाती रहती थी। इसी दौरान वह चेतन के संपर्क में आई।

सिया को जोधपुर घुमाने लाया था चेतन

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि दिसंबर 2025 में चेतन सिया को लेकर जोधपुर आया था। दोनों ने यहां एक फाइव स्टार होटल में दो दिन बिताए और मेहरानगढ़ किले समेत कई जगहों पर घूमे। इसके बाद मई 2026 में सिया कथित तौर पर चेतन को उदयपुर भी लेकर गई, जहां नवंबर में उसकी और केतन अग्रवाल की शादी होने वाली थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने उस होटल का भी दौरा किया, जहां शादी समारोह होना था।

Advertisement

केतन को पसंद नहीं करती थी सिया

इधर पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल ने पूछताछ के दौरान ये दावा किया है कि वो केतन को कभी पसंद नहीं करती थी। सिया का कहना है कि केतन विग पहनता था, उसके लुक्स उसे पसंद नहीं थे और वह हकलाता भी था। सूत्रों के अनुसार, इन्हीं वजहों से वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। हालांकि इस पर जब पुलिस ने सवाल किया कि अगर सिया को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, तो उसने शादी से इनकार क्यों नहीं किया?

‘शादी तोड़ने से ज्यादा केतन की हत्या आसान’

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया ने पूछताछ में खुलासा किया कि अपने परिवार से शादी तोड़ने को कहने से ज्यादा उसे केतन की हत्या करना आसान लगा। जांच अधिकारियों के मुताबिक सिया ने यह भी कहा कि वह अपने परिवार को दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी, इसलिए उसने सगाई तोड़ने के बजाय प्रेमी चेतन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। हालांकि केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनके बेटे के सिर पर केवल छोटा-सा हेयर पैच था और इसकी जानकारी सगाई से पहले ही सिया के परिवार को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि ‘विग किसी की हत्या की वजह नहीं हो सकती।’

सिया के घरवालों को भी लग गई रिश्ते की भनक

जांच में यह भी सामने आया है कि जनवरी में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सिया के परिवार को उसके और चेतन के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। पुलिस को शक है कि दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति में बड़ा अंतर होने की वजह से सिया के घरवालों ने उसकी शादी कारोबारी परिवार से जुड़े केतन अग्रवाल से तय कर दी थी। इस बीच पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से भी लंबी पूछताछ की है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उसे सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी थी और क्या उसने परिवार के अन्य लोगों को इसके बारे में बताया था।

पुणे के किले से गिरकर मंगेतर की मौत

पुणे की सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ 18 जून को लोहगढ़ (पुणे) किले पर घूमने गई थी। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। सिया पर अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या करने का आरोप है। दोनों फिलहाल पुलिस गिरफ्त में हैं और मामले की जांच चल रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।