Loading...

900 से ज्यादा मौतों के बाद वेनेजुएला में फिर आया भूकंप, मलबे के नीचे महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Top News Trending Now दुनिया

900 से ज्यादा मौतों के बाद वेनेजुएला में फिर आया भूकंप, मलबे के नीचे महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Follow us

Share

Venezuela Earthquake : कराकास। वेनेजुएला में आए दोहरी विनाशकारी भूकंपों के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर धरती कांप गई। देश में एक बार फिर 4.9 तीव्रता के नए भूकंप ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। इससे पहले आए दो शक्तिशाली भूकंपों में 900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई शहरों में भारी तबाही मची थी। नए झटकों के बाद राहत और बचाव कार्यों के बीच लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

वेनेजुएला के उत्तरी तट के पास शुक्रवार दोपहर को 4.9 तीव्रता का नया भूकंप आया। रॉयटर्स के मुताबिक, इसके झटके राजधानी कराकास और माराके में भी महसूस किए गए। इस अचानक आए संकट की वजह से लोग जान बचाने के लिए तुरंत सुरक्षित जगहों की ओर भागे। यही वजह है कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे बचाव दल को भी अपनी सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन थोड़ी देर के लिए थामना पड़ा। लिहाजा, लगातार आ रहे इन झटकों ने राहत अभियान की चुनौतियों को काफी बढ़ा दिया है।

अबतक 920 मौतें, 3000 से अधिक घायल

वहीं, पिछले भूकंप के तीन दिन बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है। 3360 से ज्यादा लोग घायल हैं, जबकि 51,700 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 243 लोगों को जिंदा बचाया गया है। राहत और बचाव अभियान जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। कई इलाकों में सरकारी राहत टीमों की कमी के कारण लोग परिजन को ढूंढ़ने के लिए खुद मलबा हटाने में जुटे हैं। कई परिवार हथौड़ों और दूसरे औजारों से इमारतों का मलबा हटाकर अपने परिजन की तलाश कर रहे हैं।

मलबे के नीचे महिला ने दिया बच्चे को जन्म

इस भीषण तबाही के बीच राजधानी काराकस से एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। मलबे में फंसी एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जब राहतकर्मी उसके पास पहुंचे तो हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। मेडिकल टीम ने मौके पर ही आवश्यक इंतजाम किए और मलबे के नीचे ही सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। राहत की बात यह रही कि मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला के साहस तथा बचाव दल की तत्परता की जमकर सराहना कर रहे हैं।

Advertisement

तबाही के बीच कई लोग मलबे से जीवित निकाले गए

वहीं वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद तबाही के बीच कुछ उम्मीद भरे पल भी सामने आए हैं। काराकास के सैन बर्नार्डिनो इलाके में एक युवक को मलबे से निकालकर स्ट्रेचर पर बाहर लाया गया। वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उसका स्वागत किया, जबकि उसकी मां रोते हुए बार-बार उसे ‘लेआंद्रो, मैं तुमसे प्यार करती हूं’ कहती रही। टेलीविजन पर एक और घटना दिखाई गई, जिसमें एक लड़की पूरी तरह धूल से ढकी हुई और स्वेटर में लिपटी हुई मलबे से बाहर निकलती दिखी। बचाव दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव दल के प्रमुख ने बताया कि यह लड़की ला गुआइरा में एक 10 मंजिला इमारत के ढहने के बाद मलबे में फंसी हुई मिली थी। यह इमारत पूरी तरह गिरकर बहुत बुरी तरह नष्ट हो गई थी। उन्होंने कहा कि इस बच्ची ने बहुत साहस और जीने की इच्छा दिखाई है, जो लोगों के लिए उम्मीद की बात है।

वेनेजुएला की मदद के लिए भारत ने बढ़ाया कदम

मानवीय संकट के इस दौर में भारत ने भी वेनेजुएला की मदद के लिए तेजी से कदम बढ़ाया है। ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत भारतीय वायुसेना के दो विमानों से 41 सदस्यीय मेडिकल टीम को राहत कार्यों के लिए रवाना किया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस दल के साथ करीब छह टन चिकित्सा सामग्री और अन्य मानवीय राहत सामग्री भी भेजी है। गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से रवाना हुई यह टीम प्रभावित इलाकों में घायलों का इलाज करेगी और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत अभियान में सहयोग देगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।