Loading...

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में भूकंप ने मचाई तबाही, 10,000 मौतों की आशंका, आपातकाल घोषित, पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में भूकंप ने मचाई तबाही, 10,000 मौतों की आशंका, आपातकाल घोषित, पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान

Follow us

Share

Venezuela Earthquake : कराकस। वेनेजुएला में बुधवार शाम यानी भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह एक के बाद एक आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही हुई। राजधानी काराकास में कई इमारतें ढह गईं, एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल की घोषणा की है। राहत और बचाव कार्य जारी है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, इसमें 10,000 से ज्यादा लोगों की मौत की 44% और 1,00,000 से ज्यादा मौत की 30% आशंका है। राष्ट्रपति ने कहा है कि 32 मौतों की पुष्टि हुई है, जबकि 700 से घायल हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, पहले 7.2 और फिर कुछ ही सेकेंड बाद 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। दोनों भूकंप राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। भूकंप के बाद कराकस एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पिछले 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप है, इससे पहले साल 1900 में 7.7 का तीव्रता का भूकंप आया था।

पीएम मोदी बोले- वेनेजुएला की हरसंभव मदद को तैयार भारत

वेनेजुएला में आए भूकंप से हुई भारी तबाही से पूरी दुनिया में चिंता और सहानुभूति की लहर दिखाई दे रही है। वेनेजुएला में हुई इस तबाही के बाद अमेरिका समेत कई देशों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि भारत, हरसंभव मदद के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने X पर लिखा कि भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।

Advertisement

ट्रम्प बोले- वेनेजुएला की हरसंभव मदद करेंगे

वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राहत सहायता का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका हरसंभव मदद के लिए तैयार है और सभी सरकारी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा- अमेरिका मदद के लिए पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है। मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तुरंत तैयारी करने का निर्देश दिया है। हम अपने नए और अच्छे दोस्तों के साथ खड़े रहेंगे। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं हैं।

क्यों आता है भूकंप ?

हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है। ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं। टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्‍यादा दबाव पड़ने पर ये प्‍लेट्स टूटने लगती हैं। ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्‍ता खोजती है और इस डिस्‍टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।

वेनेजुएला में भूकंप के बाद गैस सप्लाई रोकी

भूकंप के बाद सरकार ने प्रभावित इलाकों में गैस सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी है। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने कहा कि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। गैस रिसाव या विस्फोट जैसी घटनाओं से बचने के लिए एहतियातन यह फैसला लिया गया है।

भूकंप से ला गुआइरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित

भूकंपों का सबसे ज्यादा असर राजधानी कराकस के उत्तर में स्थित ला गुआइरा राज्य में हुआ। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के मुताबिक, यहां कम से कम 15 इमारतें ढह गई हैं। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।

जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप

वेनेजुएला के बाद जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि सुनामी का खतरा नहीं है और शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं मिली है। USGS के मुताबिक भूकंप का केंद्र कुजी शहर से करीब 35 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इसकी गहराई 51.7 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप के बाद प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने अधिकारियों को नुकसान का तत्काल आकलन करने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर ईस्ट जापान रेलवे (JR East) ने टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। रेलवे ट्रैक और अन्य ढांचे की जांच पूरी होने के बाद सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।

वेनेजुएला में 1967 जैसा भूकंप

यह पहली बार नहीं है जब वेनेजुएला की राजधानी में जबरदस्त भूकंप आया हो। 1967 में, 6.6 तीव्रता के भूकंप ने कराकस को हिला दिया था, जिसमें 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप ने पालोस ग्रांडेस (मध्यम-वर्गीय इलाका) और अल्तामिरा (अमीर लोगों का इलाका) में कई इमारतें गिरा दी थीं। बुधवार को आए भूकंप से ये दोनों इलाके फिर से प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने सरकारी टीवी को बताया कि ‘वहां कई इमारतें ढह गई हैं। इस बार की तरह, 1967 में भी लोगों ने दो झटके महसूस किए थे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।