Loading...

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, आमने-सामने आ गए दो विमान, 200 मीटर दूरी पर रुकीं दो उड़ानें

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, आमने-सामने आ गए दो विमान, 200 मीटर दूरी पर रुकीं दो उड़ानें

Follow us

Share

Ahmedabad Airport : अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और इंडिगो के दो यात्री विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलटों की सतर्कता के कारण दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की एक फ्लाइट अहमदाबाद से मुंबई के लिए रवाना होने की तैयारी कर रही थी। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था और टैक्सीवे पर मौजूद था। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के बाद अपने निर्धारित पार्किंग बे की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि पार्किंग क्षेत्र की ओर जाते समय एयर इंडिया का विमान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां इंडिगो का विमान पहले से मौजूद था, लेकिन स्थिति उस समय गंभीर हो गई जब दोनों विमान एक-दूसरे के सामने आ गए। सूत्रों के अनुसार, दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत स्थिति को संभाला और दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया। घटना के बाद एयर इंडिया के विमान को टो वाहन की मदद से खींचकर सही पार्किंग-बे तक ले जाया गया। इसके बाद इंडिगो के विमान को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई और वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत रनवे तक पहुंचा। बाद में यह उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई के लिए रवाना हुई।

एअर इंडिया ने दी सफाई

एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ। बाद में विमान को टो (खींचकर ले जाना) करके सही पार्किंग बे तक ले जाया गया।

इंडिगो ने कहा- विमान हटाने के बाद रवाना हुए

इंडिगो ने बताया कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 अहमदाबाद से मुंबई रवाना होने के लिए टैक्सी वे पर आ रही थी। तभी दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा में आ गया। एयरलाइन के मुताबिक, दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया। इसके बाद एयर इंडिया के विमान को हटाया गया और इंडिगो की उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंच गई। एअर इंडिया ने कहा कि घटना की जानकारी विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Advertisement

यह खबर भी पढ़े :- पाकिस्तान पहुंच गई एयर इंडिया फ्लाइट! दिल्ली से अमृतसर जा रही उड़ान रास्ता भटकी

दोनों विमान एयरबस A320 कैटेगरी के नैरो-बॉडी विमान थे

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इस घटना में शामिल दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी विमान थे। इस श्रेणी के विमान आमतौर पर घरेलू और कम दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में इस्तेमाल किए जाते हैं। एक एयरबस A320 विमान में आमतौर पर 150 से 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। हालांकि घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।