Loading...

NEET: अब 3:15 घंटे का होगा एग्जाम, रफ वर्क के लिए मिलेंगे चार पेज… NTA ने बताया नीट परीक्षा में हुए क्या बदलाव

NEET: अब 3:15 घंटे का होगा एग्जाम, रफ वर्क के लिए मिलेंगे चार पेज… NTA ने बताया नीट परीक्षा में हुए क्या बदलाव

Follow us

Share

NEET UG 2026 : नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 रीएग्‍जाम को लेकर महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की है। एजेंसी ने बताया है कि अभ्यर्थियों से वर्षों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया में कुछ छात्र-अनुकूल बदलाव किए गए हैं। एनटीए के अनुसार नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी और इस बार उम्मीदवारों को प्रश्न हल करने के लिए अधिक समय मिलेगा।

परीक्षा की अवधि बढ़ाई गई

नए नोटिस के तहत, परीक्षा का समय अब 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। इसके अलावा आंसर शीट में रफ वर्क के लिए भी जगह बढ़ाई गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, परीक्षा कक्ष की औपचारिकताएं और अन्य निगरानी संबंधी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं। एनटीए का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अभ्यर्थियों का परीक्षा समय प्रभावित न हो और वे पूरे समय का उपयोग प्रश्न हल करने में कर सकें।

रफ वर्क के लिए अब मिलेंगे 4 पेज

एनटीए ने प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए उपलब्ध स्थान भी बढ़ा दिया है। पहले उम्मीदवारों को केवल दो रफ वर्क पेज दिए जाते थे, लेकिन अब उन्हें चार पेज उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे छात्रों को गणना, डायग्राम और अन्य कार्य करने के लिए अधिक जगह मिलेगी।

Advertisement

प्रश्न पुस्तिका के डिजाइन में भी बदलाव

एजेंसी ने प्रश्न पुस्तिका के प्रारूप में भी बदलाव किया है। पहले रफ वर्क के सभी पेज प्रश्न पुस्तिका के अंत में दिए जाते थे। कई अभ्यर्थियों, विशेषकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों ने इसे असुविधाजनक बताया था। इस फीडबैक को ध्यान में रखते हुए अब दो रफ वर्क पेज निर्देश पृष्ठ के तुरंत बाद प्रश्न पुस्तिका की शुरुआत में दिए जाएंगे, जबकि दो पेज अंत में उपलब्ध रहेंगे। यह व्यवस्था अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध सभी प्रश्न पुस्तिकाओं में लागू होगी।

लॉकडाउन में रहेंगे पेपर सेटर्स

परीक्षा होने तक पेपर सेटर्स को कड़े प्रतिबंध का पालन करना होगा। उन्‍हें 21 जून तक लॉकडाउन में रखा जाएगा ताकि पेपर लीक होने की आशंका न रहे। एग्जाम आयोजन के लिए देश भर के 551 शहर और विदेशों में 14 शहरों को चुना गया है।

पेपर ले जाने के लिए एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल

अधिकारियों के अनुसार एग्जाम से संबंधित सभी काम जैसे प्रश्नों की सेटिंग, ट्रांसलेशन, प्रिंटिंग, पैकेजिंग, स्टोरेज से लेकर ट्रांसपोर्टेशन और डिस्ट्रिब्यूशन की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सरकार द्वारा क्वेश्चन पेपर से संबंधित सभी सामान ले जाने के लिए इंडियन एयरफोर्स एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। डिजिटल क्षेत्र में अधिकारी 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग पर नजर जमाए हुए हैं ताकि फेक क्वेश्चन पेपर, गलत सूचनाओं और संदिग्ध गतिविधियों को एग्जाम से दूर रखा जा सके।

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया फैसला

एनटीए ने कहा है कि परीक्षा डिजाइन में किए गए छोटे-छोटे सुधार भी अभ्यर्थियों के परीक्षा अनुभव को बेहतर बना सकते हैं। यही कारण है कि परीक्षा को अधिक सुविधाजनक और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए ये बदलाव लागू किए गए हैं। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता के उच्च मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश

एनटीए ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। साथ ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सहयोग करें ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।