Loading...

लुधियाना स्टेशन पर हादसा, वैष्णो देवी जा रही ट्रेन दो हिस्सों में बंटी, 1200 यात्री बाल-बाल बचे

Follow us

Share

New Delhi Katra Train : लुधियाना। पंजाब के लुधियाना के रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से हड़कंप मच गया। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन (04081) जैसे ही स्टेशन से रवाना होने लगी, अचानक दो डिब्बों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटने से जोरदार धमाका हुआ और स्लीपर कोच का टॉयलेट क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके जैसी आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे। खुशकिस्मती की बात ये रही कि जिस वक्त हादसा हुआ, ट्रेन लुधियाना से चली ही थी। अगर हाईस्पीड के दौरान यह हादसा होता तो यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। जिस वक्त हादसा हुआ, ट्रेन में 1200 यात्री सवार थे। हादसे के बाद डिब्बों को हटाकर इन्हें आगे रवाना कर दिया गया। कुछ यात्री बच गए थे, उन्हें मालवा एक्सप्रेस भेजा जा रहा है।

धमाके की आवाज से सहमे यात्री, मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल (04081) ट्रेन शनिवार तड़के ढ़ाई बजे के बाद नई दिल्ली से वैष्णो देवी के लिए रवाना हुई। सुबह 8.47 बजे पर यह लुधियाना स्टेशन पर पहुंची। जैसे ही ट्रेन लुधियाना स्टेशन से अभी चलना शुरू ही हुई थी कि अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। यह आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। कपलिंग टूटने के झटके के कारण स्लीपर कोच का शौचालय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस वाकये से पूरी ट्रेन में चीख-पुकार मच गई और यात्री घबराहट में कोच से बाहर की तरफ भागने लगे।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, जांच शुरू

बता दें कि शनिवार 5 जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी भी है और इसे लेकर हिंदू संगठनों ने मार्च निकालने का ऐलान कर रखा है। ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर पंजाब में पहले ही अलर्ट है। कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से पहले ही सुरक्षा के इंतजाम किए हुए है। हालांकि महानगर में धमाके की पहले भी कई बार धमकियां आ चुकी है। लुधियाना के ADCP समीर वर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर भी धमाके की कई बार धमकियां आ चुकी है। जिसे लेकर पुलिस के आलाधिकारी इस एंगल से भी जांच करने जुटे है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें।

Advertisement

DRM संजीव कुमार बोले, किसी तरह का ब्लास्ट नहीं हुआ

जांच के बाद लुधियाना के एडीसीपी समीर वर्मा ने कहा कि ट्रेन जब चलने लगी तो 2 कोच को जोड़ने वाला कपलर टूट गया। यह हादसा है, किसी तरह का ब्लास्ट नहीं हुआ है। फिरोजपुर डिवीजन के DRM संजीव कुमार ने कहा कि एक डिब्बे की उम्र 25 साल होती है। जो डिब्बा टूटा उसे अभी 15 ही साल हुए हैं। ऐसे में जांच की जाएगी। जब कुछ टूटता है तो आवाज आती ही है, इस वजह से जांच के बाद ही सारी बातों का पता चलेगा। वैष्णा देवी जा रहे यात्रियों ने बातचीत में कहा कि ये डिब्बा दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जोड़ा गया। पुराना डिब्बा होने की वजह से हमें वहीं गड़बड़ी होने का शक था, जो सच साबित हुआ। फिलहाल, ट्रेन में नए डिब्बे जोड़कर आगे रवाना किया गया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।