Loading...

राजस्थान के 5 जिलों में रेतीला बवंडर, दिन में हुआ अंधेरा, लोग बोले-ऐसा पहले कभी नहीं देखा, आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में बारिश और ओले गिरने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आंधी और तेज बारिश के चलते इन राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। हालांकि, देश के 36 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। महाराष्ट्र के विदर्भ वाले हिस्से में पारा अभी भी 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा चल रहा है। शनिवार को चंद्रपुर (चांदा) में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा।

राजस्थान के 5 जिलों में आया रेतीला तूफान

इधर, राजस्थान के 5 जिलों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर में शनिवार दोपहर 3 बजे रेतीले तूफान आया। इसका असर करीब 200 वर्ग किलोमीटर के इलाके में रहा। इस रेतीले तूफान की शुरुआत हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर से हुई थी। बवंडर को पाकिस्तान की ओर से उठी तेज धूलभरी हवाओं ने रफ्तार दी थी। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। तूफान के असर से कई पेड़ उखड़ गए, लाइट पोल टूट गए।

रेतीले तूफान का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

राजस्थान के 5 जिलों में आए रेतीले तूफान की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे है। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसा रेतीला तूफान पहले कभी नहीं देखा। रेतीला तूफान इतना भीषण था कि दिन में ही अंधेरा छा गया। तूफान के कारण लोगों को दिन में वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ गई। इसके कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें लोग भागकर घरों में जाते दिखे और घरों को बंद कर लिया। IMD ने रविवार को भी जैसलमेर और जयपुर में रेतीले तूफान का अलर्ट जारी किया है। राज्य के 12 जिलों में आंधी-बारिश के चलते मौसम बदला रहेगा।

यूपी में पूरे प्रदेश में बादल छाए

यूपी में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रविवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। गोंडा में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस बीच, आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 57 जिलों में आंधी-तूफान आ सकता है। हवा की रफ्तार 60 किमी./घंटे तक पहुंच सकती है।

Advertisement

छत्तीसगढ़ में तेज हवा और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा और बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है। शनिवार को यहां अचानक आए तूफान से कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े 3 युवकों पर भारी डाल गिर गई। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

7 दिनों में केरलम पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान भी जताया है। IMD के मुताबिक जून से सितंबर तक देश में औसतन सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में 78 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। देश में सामान्य मानसूनी बारिश का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। मौसम विभाग ने कहा कि बिहार, यूपी में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन बाकी कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। खासकर बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।