Loading...

राजस्थान सहित इन राज्यों का बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट

Follow us

Share

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है। भीषण हीटवेव के चलते कई राज्य पिछले एक हफ्ते से गर्मी की चपेट में है। उत्तर भारत के दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल है। इस झुलसाती गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में अगले 12 घंटों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है।

प्री-मानसून के चलते बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत में मौसम तेजी से करवट लेने वाला है। प्री-मानसून गतिविधियां अब मजबूत होती जा रही हैं और यही बदलाव आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर कम कर सकता है। IMD के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के बाकी हिस्सों और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। फिलहाल दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में मानसून का सीधा असर देखा जा सकता है। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में और पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

22 शहरों का पारा पहुंचा 47 डिग्री

हालांकि उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में हीटवेव का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। यूपी, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अगले कई दिनों तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। कई शहरों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा। AQI वेदर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को दुनिया के 22 सबसे गर्म शहरों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। यह सभी शहर भारत के ही हैं। इनमें 13 शहर उत्तर प्रदेश के हैं। ओडिशा का बोलांगीर और बिहार का सासाराम सबसे ज्यादा गर्म रहा। इधर, भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के 35 शहरों में गुरुवार को रात का पारा 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा 33.7 डिग्री तापमान राजस्थान के हनुमानगढ़ में रहा। इस बार सबसे बड़ा खतरा ये है कि दिन की हीटवेव के बाद रातें भी गर्म बनी हुई हैं।

यूपी में भीषण गर्मी से हाल बेहाल

उत्तरप्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। शुक्रवार को पूरा प्रदेश तेज धूप और लू की चपेट में है। जिसके चलते यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज समेत 10 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट है। राज्य का बांदा गुरुवार को लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, यहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके अलावा प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 45.6 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर और सुल्तानपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई में ही जून जैसी तपिश भरी गर्मी महसूस हो रही है।

Advertisement

राजस्थान में हीटवेव के बीच तापमान में गिरावट

राजस्थान में हीटवेव के बीच तापमान में गिरावट देखने को मिली है। जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा कोटा समेत कई जिलों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे कुछ नीचे आ गया। हालांकि, इन शहरों में हीटवेव जारी रही। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह इसी तरह की गर्मी रहने और 24 मई बाद राज्य में हीटवेव और सीवियर होने की चेतावनी जारी की है। वहीं, 2 दिनों तक उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं आंधी चलने के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है।

कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का आगामी मौसम

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 23 मई की रात से मौसम बदल सकता है। तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के संकेत दिए गए हैं। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट संभव है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।