Loading...

यूपी में नींद की झपकी बनी 4 लोगों का काल, कार के एयरबैग भी काम न आए… 120 की स्पीड पर दौड़ रही थी स्कार्पियो

Follow us

Share

Banda Bundelkhand Expressway Accident: बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के एयरबैग खुल गए, लेकिन हादसे की भयावहता के आगे एयरबैग भी काम न आए और मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से डीसीएम के नीचे फंसी स्कार्पियो को बाहर निकाला। इसके बाद स्कार्पियो की बॉडी गैस कटर से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं घायल युवती को अस्पताल भिवाया।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवती गंभीर घायल हो गई। युवती को कानपुर रेफर कर दिया है। प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, महोबा जिले के कबरई के बांदा चौराहे में रहने वाले अजीत विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ पैतृक गांव रामगढ़, थाना जीयनपुर जिला आजमगढ़ गए थे। पूर्वांचल में परंपरा के अनुसार परिवार साल में एक बार गोत्र पूजा में शामिल होता है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अजीत दो गाड़ियों से परिजनों को लेकर गांव गए थे। छोटी बहन के लिए रिश्ता देखने भी जाना था।

टक्कर से आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई स्कार्पियो

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के है। मृतकों में अजीत विश्वकर्मा (35) मां प्रेमशिला (50), दादी चंद्रावती (80), चाची निशा (40) और चचेरी बहन रिया (20) है। सभी लोग मूलरूप से आजमगढ़ के थाना जीयनपुर के रामगढ़ निवासी थे। सभी लोग एक साथ स्कार्पियो से कबरई स्थित घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में थकान और नींद महसूस होने पर प्रयागराज के पास अजीत ने होटल में गाड़ी रोककर कुछ देर आराम भी किया। इसके बाद सुबह जल्दी यात्रा फिर शुरू की। परिजनों के मुताबिक कबरई पहुंचने से पहले ही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हथौड़ा गांव के पास उसे दोबारा झपकी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले वह परिवार के सभी सदस्यों के साथ पैतृक गांव में हुए गोत्र पूजन में शामिल होने गए थे। परिवार के कुछ लोग लौट आए थे, लेकिन अजीत मां व अन्य सदस्यों के साथ गांव में रुक गए थे।

Advertisement

स्पीड और रील बनाने का था शौक

परिजनों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाला अजीत विश्वकर्मा तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने और सफर के दौरान रील बनाने का शौकीन था। अजीत अक्सर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान तेज रफ्तार में स्कार्पियो चलाते हुए वीडियो बनाता था। वह सोशल मीडिया पर भी अपनी ड्राइविंग से जुड़ी रील और पोस्ट साझा करता रहता था। कुछ दिन पहले ही उसने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर स्कार्पियो को 171 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाते हुए वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट किया था। वीडियो में स्पीडोमीटर की सुई 171 पर दिखाई दे रही थी। परिवार और करीबी लोग उसे कई बार तेज स्पीड में वाहन न चलाने की सलाह देते थे, लेकिन रफ्तार का जुनून आखिरकार उसकी और परिवार के चार सदस्यों की जिंदगी पर भारी पड़ गया।

चालक को झपकी आ गई और हादसा हो गया

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे हथौड़ा गांव के पास अजीत को झपकी आ गई। जिस समय ये हादसा हुआ। उस दौरान स्कार्पियो करीब 120 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही थी। अनियंत्रित होकर आगे चल रहे इंडेन गैस सिलिंडर लदे डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के एयरबैग खुल गए, लेकिन वाहन बुरी तरह डीसीएम के नीचे फंस गया। हादसे में चालक अजीत, प्रेमशिला, निशा और चंद्रावती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को एंबुलेंस जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।