बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को बनाया चार राज्यों का कोआर्डिनेटर
लखनऊ (रॉयल पत्रिका)। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने समधी (भतीजे आकाश आनंद के ससुर) पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाकर चार राज्यों का जिम्मा सौंपा है। अशोक की पिछले दिनों ही बसपा में वापसी हुई है। अशोक के साथ ही कई और पदाधिकारियों के दायित्वों में भी एक बार फिर फेरबदल किया गया है। सूत्रों के अनुसार अशोक को पार्टी संगठन के सेक्टर-तीन का केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाकर छत्तीसगढ़, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर व गुजरात राज्य में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। पहले इस सेक्टर को रणधीर सिंह बेनीवाल देख रहे थे। बेनीवाल को अब सेक्टर-चार का केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाया गया है जिसे अब तक डा. लालजी मेधांकर को मायावती ने सौंप रखा था। मेधांकर अब सेक्टर पांच और इसे देख रहे पूर्व विधायक अतर सिंह राव सेक्टर छह देखेंगे। सेक्टर छह अब तक पूर्व विधायक धर्मवीर सिंह के पास था। सेक्टर एक के पूर्व सांसद रामजी गौतम और दो के पूर्व सांसद राजाराम को यथावत बनाए रखा गया है। उल्लेखनीय है कि बसपा प्रमुख ने संगठन की दृष्टि से देश को छह सेक्टर में बांटते हुए हर एक में तीन से चार राज्यों को रखा है। सेक्टर के केंद्रीय कोआर्डिनेटर के कार्यों की समीक्षा का दायित्व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सौंपा गया है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
