मेरे आने से अजमेर शरीफ में मंदिर का दावा करने वालों को मिला जवाब: रिजिजू
अजमेर(रॉयल पत्रिका)। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मजार शरीफ पर चादर चढ़ाई। इस मौके पर रिजिजू ने कहा कि जब मैं प्रधानमंत्री की चादर लेकर दरगाह में आ गया हूं तो फिर दरगाह पर अलग दावा करने वालों को अपने आप जवाब मिल गया है। रिजिजू का बयान एक तरह से आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के समर्थन में माना जा रहा है। हाल ही में मोहन भागवत ने कहा था कि हर रोज मंदिर-मस्जिद विवाद खड़ा करना सही नहीं है। उन्होंने कहा था कि इससे कोई हिंदुओं का नेता नहीं बन जाएगा।
अजमेर दरगाह पर विवाद की गुंजाइश नहीं
रिजिजू ने कहा कि अजमेर दरगाह को लेकर विवाद की कोई गुंजाइश नहीं है। चूंकि दरगाह में आंतरिक इंतजाम करने वाली दरगाह कमेटी मेरे मंत्रालय के अधीन आती है, इसलिए हमारा प्रयास है कि दरगाह में जियारत के लिए आने वाले जायरीन को अधिक से अधिक सुविधा मिले।
पीएम मोदी ने अमन चैन की कामना की
इस अवसर पर रिजिजू ने पीएम मोदी का संदेश भी पढ़कर सुनाया। मोदी ने ख्वाजा साहब की शिक्षाओं को सौहार्दपूर्ण बताते हुए देश में अमन चैन की कामना की। इस अवसर पर रिजिजू ने कहा कि ख्वाजा साहब की दरगाह में मुसलमान ही नहीं बल्कि हिंदू, सिख ईसाई बौद्ध आदि सभी धर्मों के लोग आते हैं, इसलिए दरगाह को साम्प्रदायिक सद्भावना की मिसाल माना जाता है। उन्होंने माना कि मौजूदा समय में आने वाले जायरीन को अनेक कठिनाइयां होती है। जायरीन की परेशानियों को देखते हुए एक कार्य योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि देश में माहौल अच्छा रहे इसका प्रयास पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार हो रहा है।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के दरगाह पहुंचने पर खादिमों की संस्था अंजुमन सैयद जादगान के सचिव सरवर चिश्ती और शेखजादगान के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर दरगाह कमेटी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
रिजिजू ने पीएम मोदी की चादर दरगाह पर चढ़ाई
सूफी संवाद अभियान के राष्ट्रीय सह प्रभारी और दरगाह के खादिम सैयद अफशान चिश्ती ने भी मंत्री रिजिजू का स्वागत किया। रिजिजू ने सूफी परंपरा के अनुरूप मजार शरीफ पर पीएम मोदी की चादर पेश की। दरगाह पहुंचने पर दरगाह दीवान के प्रतिनिधि सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने भी रिजिजू को इस्तकबाल किया। बाद में दरगाह के प्रतिनिधियों ने रिजिजू की दस्तारबंदी की। जियारत की रस्म खादिम सैयद अफशान चिश्ती ने कराई।
दरगाह में शिव मंदिर होने का किया गया दावा
ख्वाजा साहब की दरगाह में शिव मंदिर होने को लेकर अजमेर की सिविल अदालत में हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने वाद दायर कर रखा है। इस वाद पर अदालत ने केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय, दरगाह कमेटी और पुरातत्व विभाग को नोटिस जारी कर रखे हैं। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से भी आग्रह किया था कि वे इस बार दरगाह में चादर न भेजे। इसके साथ ही गुप्ता ने सिविल अदालत में एक प्रार्थना पत्र पेश कर पीएम की चादर पर रोक लगाने की भी मांग की थी। गुप्ता का कहना रहा कि जब मामला अदालत में विचाराधीन है तब देश के प्रधानमंत्री को उर्स के दौरान चादर नहीं भेजनी चाहिए। गुप्ता ने कहा कि यदि इस बार भी प्रधानमंत्री की ओर से चादर भेजी जाती है तो इसका असर अदालत में चल रहे मुकदमे पर पड़ेगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
