Loading...

साईं बाबा को अनोखी गुरु दक्षिणा…भक्त ने भेंट किया हीरे-रत्नों से जड़ित अनोखा उपहार

साईं बाबा को अनोखी गुरु दक्षिणा…भक्त ने भेंट किया हीरे-रत्नों से जड़ित अनोखा उपहार

Follow us

Share

Shirdi Sai Baba Gold Crown Guru Purnima : मुंबई। देशभर में आज आषाढ़ी गुरु पूर्णिमा धूमधाम से मनाई जा रही है। गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु को समर्पित है। लोग अपने गुरुओं की वंदना और पूजा अर्चना कर रहे हैं। इस खास मौके पर महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर में भक्ति और आस्था का खास नजारा देखने को मिला। यहां एक भक्त ने साईं बाबा को करोड़ों रुपये कीमत का सोने का मुकुट अर्पित किया। इस अनोखी भेंट ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

आंध्र प्रदेश के एक भक्त ने साईं बाबा को 1.05 करोड़ रुपए कीमत का सोने का मुकुट भेंट किया। यह मुकुट उन्होंने श्रद्धा और गुरु दक्षिणा के रूप में शिरडी स्थित श्री साईं बाबा संस्थान को अर्पित किया। इस चमकदार तोहफे पर से जैसे ही बैंगनी रंग का कपड़ा हटाया गया तो वहां मौजूद लोगों के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी।

साईं बाबा को चढ़ाया 1 करोड़ से ज्यादा का मुकुट

दरअसल, गुरु पूर्णिमा के मौके पर शिरडी के साईं बाबा मंदिर में एक भक्त ने गुरु-दक्षिणा के तौर पर सोने का मुकुट भेंट किया। साईं बाबा को ये मुकुट आंध्र प्रदेश के वेल्लोर के रहने वाले श्रीनिवास राव ने भेंट किया है। इस सोने के चमकते खूबसूरत मुकुट का वजन 642 ग्राम है। इसकी कीमत करीब 1.05 करोड़ बताई जा रही है।

सोने के मुकुट पर जड़े हैं रत्न और डायमंड्स

यह सोने का मुकुट अपनी खूबसूरती के कारण भी खास है। इसमें नवग्रहों की आकर्षक नक्काशी की गई है। इसके अलावा मुकुट को अमेरिकन डायमंड्स और अन्य सजावटी रत्नों से सजाया गया है, जिससे इसकी चमक और बढ़ गई है। गुरु पूर्णिमा उत्सव के पहले दिन साई बाबा को की गई यह भव्य भेंट भक्तों में चर्चा का विषय बनी हुई है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा उत्सव के मुख्य दिन साईं बाबा की प्रतिमा को यही सोने का मुकुट पहनाया जाएगा।

Advertisement

गुरु पूर्णिमा पर भक्तों की उमड़ी आस्था

गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु के प्रति सम्मान और समर्पण का पर्व माना जाता है। इस दिन देशभर में लोग अपने गुरु की पूजा करते हैं और आशीर्वाद लेते हैं। शिरडी में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु साईं बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार करोड़ों रुपये के सोने के मुकुट की भेंट ने इस उत्सव को और खास बना दिया। भक्तों का कहना है कि यह मुकुट केवल सोने और रत्नों से बनी वस्तु नहीं है, बल्कि एक श्रद्धालु की भावना और विश्वास का प्रतीक है।

गुरु पूर्णिमा पर भक्त की अनोखी श्रद्धा

ये पहली बार नहीं है जब साई बाबा को इतनी कीमती भेंट किसी ने समर्पित की है। पहले भी लाखों-करोड़ों की भेंट भक्त साई बाबा को चढ़ावे में चढ़ाते रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के खास मौके पर सोने का ये खास मुकुट चर्चा में बना हुआ है। ये एक भक्त की अपने गुरु के प्रति श्रद्धा को दिखाता है। ये महज एक सोने का मुकुट नहीं बल्कि एक भक्त की अपने ईश्वर के प्रति आस्था है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।