Loading...

धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने राजस्थान पर्यटन विकास निगम की इकाइयों के निजीकरण का किया विरोध

jaipur

Follow us

Share

जयपुर (रॉयल पत्रिका) I राजस्थान पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा हाल ही में जारी आदेश, जिसमें राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) की नियंत्रणाधीन इकाइयों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया को गति देने की बात कही गई है, का पुरजोर विरोध किया है I उन्होंने कहा कि यह  एक गंभीर चिंता का विषय है। यह निर्णय न केवल सार्वजनिक संपत्तियों को निजीकरण की ओर धकेलने वाला है, बल्कि यह प्रदेश की पर्यटन पहचान और गरिमा को भी क्षति पहुंचा सकता है।

धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह सर्वविदित है कि राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं इससे जुड़े आधारभूत ढांचे के विकास हेतु ही राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) की स्थापना की गई थी। निगम वर्षों से पर्यटकों को आवास, भोजन, परिवहन व अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करता आया है और इसने राज्य के पर्यटन की एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य बजट में भी यह कहा गया था कि RTDC की इकाइयों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत क्रियाशील बनाया जाएगा I लेकिन वर्तमान सरकार इन समस्त इकाइयों को सीधे निजी हाथों में सौंपने की ओर अग्रसर है, जोकि मूल भावना के प्रतिकूल है। यह सवाल उठना लाज़मी है कि जब इन इकाइयों का संचालन इतने वर्षों तक सरकारी नियंत्रण में सफलतापूर्वक होता रहा है  तो आगे भी सरकार द्वारा इसका संचालन क्यों नहीं किया जा सकता ?

धर्मेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार सरकारी नियंत्रण में इन इकाइयों का संचालन न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करता है, बल्कि इससे पूरे देश में राजस्थान पर्यटन की एक सकारात्मक छवि प्रस्तुत होती है। इसके विपरीत निजी हाथों में सौंपे जाने पर सेवाओं में कटौती, शुल्क वृद्धि तथा जनसामान्य की पहुंच में कठिनाई जैसी आशंकाएं प्रबल हो जाती हैं, जो अंततः राजस्थान के पर्यटन को नुकसान पहुंचा सकती हैं। RTDC की समस्त संपत्तियां राजस्थान की सांस्कृतिक और पर्यटन की शान हैं, इनका संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने आगे कहा कि मैं स्वयं RTDC का अध्यक्ष रह चुका हूँ और मेरे कार्यकाल के दौरान हमने निगम के माध्यम से अनेक नवाचार किए, जिससे पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार हुआ।

धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया है कि RTDC की सभी इकाइयों का संचालन पूर्ववत राज्य सरकार के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही उनमें नवाचार एवं सुधार की निरंतर प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जाए, जिससे राजस्थान की पर्यटन की वैश्विक छवि मजबूत बनी रहे और इसे और अधिक सशक्त किया जा सके।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।