Loading...

पीएचईडी मंत्री ने बालोतरा में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल संकट और जल प्रबंधन पर किया मंथन

जयपुर

Follow us

Share

– राज्य सरकार जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध, हर घर पहुंचे पेयजल- श्री कन्हैयालाल चौधरी

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)।

पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शुक्रवार को बालोतरा में पीएचईडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बालोतरा, बाड़मेर और आस-पास के क्षेत्रों में चल रहे पेयजल संकट की स्थिति की समीक्षा और भविष्य की जल परियोजनाओं एवं नीतियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया, जिनमें पेयजल आपूर्ति में सुधार, जल संरक्षण के उपाय और ग्रीष्मकाल में की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। बालोतरा क्षेत्र की विशिष्ट भौगोलिक और जल-रासायनिक चुनौतियों को देखते हुए इन बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। कन्हैयालाल चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि बालोतरा, बाड़मेर के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए जहां फ्लोराइड की अधिकता के कारण पानी पीने योग्य नहीं है। ऐसे स्थानों पर वैकल्पिक स्रोतों या शुद्धिकरण प्रणालियों के माध्यम से समाधान खोजने पर जोर दिया।

कन्हैयालाल चौधरी ने ग्रीष्मकाल के लिए विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को संभावित पेयजल की कमी और मानसून में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जल संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने वर्षा जल संचयन और अन्य जल-बचत तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं को लागू करने पर विचार-विमर्श किया, खासकर जिले के वो क्षेत्र जहां कम वर्षा होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालोतरा में जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने विभिन्न चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा की और एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। हमारा लक्ष्य इस क्षेत्र में जल संसाधनों का स्थायी प्रबंधन करना और सभी नागरिकों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, विशेषकर फ्लोराइड जैसी समस्याओं का समाधान करते हुए।

कन्हैयालाल चौधरी ने उम्मेदसागर धवा समदड़ी खंडप परियोजना, पोकरण फलसूंड बालोतरा सिवाना परियोजना तथा बाड़मेर लिफ्ट परियोजना से जुड़ी कई समस्याओं के निस्तारण सम्बंधित कार्यों की स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्देशित किया कि आगामी एक माह में पेयजल व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करें। जिले के हर घर में पेयजल सप्लाई सुनिश्चित हो। उन्होंने रूडिप अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त लाइन को तुरंत दुरुस्त करने के साथ ही सड़क मरम्मत का कार्य भी प्राथमिकता से करें अन्यथा किसी भी कार्य को पेयजल विभाग को हैंडओवर नहीं किया जा सकेगा। बैठक में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अमित जैन, सिवाना विधायक  हमीरसिंह भायल, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, बाडमेर विधायक प्रियंका चौधरी, स्वरूप सिंह खारा मौजूद समेत जलदाय विभाग के अधिकारियों समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।