राजस्थान में कोरोना के नए वैरिएंट XFG और LF.7.9 की पुष्टि, अब तक 39 केस
जयपुर। राजस्थान में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। अब तक प्रदेश में कुल 39 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इसी के साथ राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट भी सामने आए हैं।जानकारी के मुताबिक, जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे स्थित एनआईवी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी) भेजे गए थे। अब इनकी रिपोर्ट सामने आ गई है।एनआईवी लैब में जांचे गए चार सैंपल्स में से दो सैंपल में XFG और LF।7।9 वैरिएंट की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, देश के पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में इन दोनों वैरिएंट्स के मामले इन दिनों तेजी से बढ़ रहे हैं। इन्हीं ट्रेंड्स के आधार पर राजस्थान में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के प्रसार पर नजर रखने के लिए निगरानी और जांच अभियान को और तेज करने की बात कही है।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि ये स्ट्रेन ज्यादा खतरनाक नहीं है। लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के एरिया में जा रहे बच्चों, बुजुर्गों और किसी भी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को मास्क का उपयोग करना चाहिए, ताकि बचाव हो सके। हेल्थ डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में इस साल अब तक कुल 39 केस सामने आ चुके हैं। एक मरीज की मौत इस बीमारी से हुई है। जिलेवार रिपोर्टे देखें तो सबसे ज्यादा जयपुर में 17 केस आए हैं, जबकि जोधपुर में 6, उदयपुर में 4, डीडवाना में 3, बीकानेर, अजमेर में 2-2, दौसा, बालोतरा, फलौदी, सवाई माधोपुर और एक अन्य जगह एक-एक केस मिले हैं। गुरुवार को सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी ने SMS अस्पताल का दौरा किया और ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि एलएमओ प्लांट पूरी तरीके से काम कर रहा है। तकरीबन 90 प्रतिशत ऑक्सीजन इसी प्लांट से अस्पताल में सप्लाई की जा रही है। इसके अलावा दो अन्य ऑक्सीजन प्लांट भी अलर्ट मोड पर रखे गए हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
