Loading...

महाराष्ट्र में बारिश का कहर; नासिक में बादल फटने की चेतावनी, जम्मू में बाढ़, MP-गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट

महाराष्ट्र में बारिश का कहर; नासिक में बादल फटने की चेतावनी, जम्मू में बाढ़, MP-गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई हिस्से अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कई हिस्से ऐसे हैं, जहां भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र का मुंबई शहर इन दिनों बारिश का कहर झेल रहा है। वहीं गुजरात में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई बीते कई दिनों से भारी बारिश का कहर झेल रही है और शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश से आम जनजीवन ठप हो गया है। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। नासिक में बादल फटने की आशंका भी जताई है। इसके साथ ही मुंबई में तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इधर, जम्मू-कश्मीर के डोडा में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी, पत्थर और मलबा रिहायशी इलाकों में घुस गया। सड़कों पर कई गाड़ियां मलबे में फंस गईं। वहीं, राजस्थान के जोधपुर, पाली, जालोर, बाड़मेर में सोमवार को तेज बारिश हुई।

दक्षिण गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को गुजरात के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम कार्यालय के अनुसार गुजरात के सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दादरा और नगर हवेली, दमन और भावनगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा नर्मदा, भरूच और अमरेली में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने मंगलवार को उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की सतही हवाओं के साथ मध्यम गरज-चमक की भी चेतावनी दी है। इससे पहले सोमवार को दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सूरत जिले के कामरेज तालुका में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे के बीच राज्य में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। वहीं मंगलवार को बड़वानी, धार, बुरहानपुर, रतलाम, टीकमगढ़ और पन्ना समेत कई जिलों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने गुना, अशोक नगर, विदिशा, सागर और छतरपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को प्रदेशके 30 शहरों में बारिश हुई। वाराणसी में सीढ़ियों से झरने की तरह बारिश का पानी बहा। शामली में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। मौसम विभाग ने आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इससे पहले सोमवार को 48 शहरों में बारिश हुई। काशी में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर छत से बारिश का पानी टपकने लगा। पानी पंखे से झरने की तरह बह रहा था। 24 घंटे में सबसे ज्यादा औरैया में 35.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 7.5 मिमी से 379 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं पीलीभीत में बारिश के चलते तालाब से निकलकर मगरमच्छ गांव में पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया। बाद में वन विभाग ने उसे नदी में छोड़ा। सहारनपुर के मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास गुजरने वाली शाकंभरी नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर से अनाउंस कर कहा- पानी तेजी से आ रहा है, यहां से जल्दी निकल जाएं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में दबाव क्षेत्र बना था, जो उत्तरी ओडिशा तट को पार करते हुए दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास केंद्रित है। इसके असर से यूपी में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

Advertisement

राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी

राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जैसलमेर को छोड़कर अन्य जिलों में यलो अलर्ट है। कोटा में मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई। वहीं, जालोर, पाली में नदी-नाले उफान पर हैं। सोमवार को जोधपुर, पाली, जालोर, बाड़मेर में सोमवार को 3 इंच तक पानी बरसा। जोधपुर में तेज बारिश के बाद हाईवे पर पानी भर गया। चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य में 9 जुलाई तक भारी से अतिभारी बारिश का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम और मानसून ट्रफ के दक्षिण-पश्चिम से होकर गुजरने के कारण राजस्थान में अच्छी बारिश हो रहा है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।