Loading...

देश के 5 राज्यों में मानसून का कहर; मुंबई में अलर्ट, गुजरात में बारिश से हाहाकार…राजस्थान के सभी जिलों में बारिश की चेतावनी

देश के 5 राज्यों में मानसून का कहर; मुंबई में अलर्ट, गुजरात में बारिश से हाहाकार…राजस्थान के सभी जिलों में बारिश की चेतावनी

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। मानसून देश के सभी राज्यों में पहुंच चुका है। कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं गुजरात में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह तेज बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। गुजरात के जूनागढ़ में तेज बारिश से कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भर गया। बारिश से हालात ये हो गए कि सड़क पर नाव चलानी पड़ रही है। वहीं नवसारी में अंबिका नदी पर बने ब्रिज के बीच में गहरा गड्ढा हो गया, जिससे 11 गांवों से संपर्क टूट गया। इधर, महाराष्ट्र में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मुंबई में तेज आंधी-बारिश से 60 से ज्यादा पेड़ उखड़ गए और कई मकानों की दीवारें ढह गईं। पालघर में बाढ़ के पानी में बहने से एक बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन ने 150 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, पंजाब और उत्तराखंड सहित देश के 13 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है।

एमपी में मानसून हुआ मेहरबान

मध्यप्रदेश में मानसून मेहरबान दिख रहा है। जुलाई के पहले सप्ताह में जमकर बारिश हो रही है। शनिवार को 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। IMD (मौसम केंद्र) ने रविवार को प्रदेश के आधे हिस्से में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में सबसे ज्यादा असर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इससे पहले शनिवार को पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर रहा। बारिश से चलते कई जिलों में हालात बिगड़ गए। नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया। कई इलाकों में घरों और खेतों में पानी भर गया, जबकि कई सड़कों और पुलों पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ।

यूपी में कमजोर पड़ा मानसून

उत्तर प्रदेश में 30 जून को मानसून की एंट्री के बाद कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। पूरे यूपी को कवर करने के बाद मानसून कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं। उमसभरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने रविवार को 25 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 26 जिलों में उमस और भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस सीजन यानी 1 जून से 4 जुलाई के बीच प्रदेश में 44 मिमी. बारिश हुई। जबकि, आम तौर पर इस दौरान 118 मिमी. बारिश होती थी। यानी इस बार 44% कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान ने बताया कि आगामी 8 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई। इसके असर से अच्छी मानसूनी बारिश होने के संकेत हैं।

राजस्थान के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम के मिजाज में लगातार बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, आंधी और भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है, जिसके चलते बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट पर एक ‘वेल-मार्कड लो-प्रेशर सिस्टम’ (कम दबाव का क्षेत्र) बना हुआ है। साथ ही, मानसून ट्रफ राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से होकर गुजर रही है। इस दौरान पूर्वी और दक्षिण पूर्वी जिलों में अतिभारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

Advertisement

बीसलपुर में लगातार हो रही पानी की आवक

राजस्थान में मानूसन की एंट्री के साथ ही बीसलपुर में पानी की आवक शुरू हो गई है। बीसलपुर बांध में पिछले 24 घंटे में 3 सेंटीमीटर पानी आया है। बांध का जलस्तर 313.63 आरएल मीटर से बढ़कर 313.66 आरएल मीटर पहुंच गया है। बांध में अभी कुल 25.941 TMC पानी है, जो कुल भराव का 67 प्रतिशत है। क्षेत्र में इस सीजन में 248 मिमी बारिश हुई है। त्रिवेणी में अभी पानी नहीं आया है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।