ऑपरेशन शील्ड के तहत पावर प्लांट में मॉक ड्रिल
-आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
बारां,(रॉयल पत्रिका)। जिले में आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को ऑपरेशन शील्ड के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास पावर प्लांट कवाई में किया गया, जहां एयर स्ट्राइक की सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और विभिन्न राहत एवं बचाव एजेंसियों को तुरंत सतर्क किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन दल, मेडिकल टीमें, और स्काउट एंड गाइड जैसे राहत दलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए तय प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यवाही शुरू की।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल, त्वरित प्रतिक्रिया, और समन्वित प्रयासों की दक्षता को परखना। मॉक ड्रिल के तहत घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अटरु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया।
मॉक ड्रिल की निगरानी स्वयं एडीएम दिवांशु शर्मा, एडीएम जबर सिंह एवं एएसपी राजेश चौधरी ने की। उन्होंने पहले अटरु अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की और इलाज की स्थिति का जायजा लिया। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता की सराहना की।
इस अवसर पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने मॉक ड्रिल को सफल बताया और कहा कि इस प्रकार के अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन क्षमताओं को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि आम जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मॉक ड्रिल में पुलिस, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, मेडिकल विभाग, स्काउट एंड गाइड, व अन्य सहयोगी संस्थाओं की भूमिका सराहनीय रही। सभी एजेंसियों ने मिलकर यह दिखाया कि जिले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुनियोजित और सशक्त प्रणाली तैयार है। इस मौके पर एसडीएम अभिमन्यु सिंह कुंतल, सिविल डिफेन्स से मोनू पंकज सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
