जयपुर में नाबार्ड का ग्रामीण विकास कॉन्क्लेव, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बनी रणनीति

Jaipur

Jaipur News : ग्रामीण राजस्थान के विकास को नई गति देने तथा राज्य की प्राथमिकता क्षेत्र ऋण क्षमता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा शुक्रवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में राज्य ग्रामीण विकास कॉन्क्लेव 2026-27 का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने ग्रामीण विकास को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए वित्तीय समावेशन, ऋण प्रवाह, महिला सशक्तीकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
 जल सुरक्षा एवं जलवायु अनुकूलन ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने अपने संबोधन में सिंचाई, कृषि प्रसंस्करण, जलागम विकास, ग्रामीण अवसंरचना एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में नाबार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल सुरक्षा, जलवायु अनुकूलन, ग्रामीण संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा एवं कृषि अवसंरचना ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने पीएम-कुसुम योजना, यमुना जल समझौते, संशोधित पार्वती-कालिसिंध-चम्बल लिंक परियोजना तथा जलागम विकास कार्यक्रमों को राज्य के विकास के महत्वपूर्ण संसाधन बताते हुए इनके प्रभावी उपयोग पर बल दिया।
मुख्य सचिव ने राज्य में ऋण प्रवाह (Credit Flow) को बढ़ावा देने तथा उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत इकोसिस्टम का प्रभावी उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने राजीविका की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित करने तथा ऋण सुविधाओं से जोड़ने में राजीविका की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिलाओं की ऋण तक पहुंच बढ़ाने तथा उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों एवं उद्यमिता से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने प्रतिभागियों से आर्थिक रूप से व्यावहारिक एवं सफल परियोजनाओं की पहचान कर उन्हें अन्य जिलों में भी अपनाने का आह्वान किया। मुख्य सचिव ने कहा कि नाबार्ड, एसएलबीसी, भारतीय रिजर्व बैंक, बैंकों, सरकारी विभागों एवं ग्रामीण हितधारकों के संयुक्त प्रयासों से ही आर्थिक रूप से सशक्त ग्रामीण परिवारों का निर्माण तथा विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति संभव होगी।

वर्ष 2027-28 के लिए 5.76 लाख करोड़ रुपये की प्राथमिकता क्षेत्र ऋण क्षमता का आकलन

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रविबाबू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि नाबार्ड द्वारा वर्ष 2027-28 के लिए राजस्थान की प्राथमिकता क्षेत्र ऋण क्षमता का आकलन 5.76 लाख करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य की इस विशाल ऋण क्षमता को ठोस विकासात्मक गतिविधियों में परिवर्तित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना एवं व्यावहारिक अनुशंसाएं तैयार करना है।

जमीनी जरूरतों के अनुरूप हो ऋण योजना— आरबीआई क्षेत्रीय निदेशक 

भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री रंजीव शंकर ने कहा कि ऋण नियोजन में ऋण लेने वालों की क्षमता, बाजार से जुड़ाव तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था की ऋण अवशोषण क्षमता को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्राथमिकता क्षेत्र ऋण (PSL) के लक्ष्यों एवं वित्तीय समावेशन के उद्देश्यों की प्राप्ति पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच सरकार की विकास प्राथमिकताओं एवं वित्तीय संस्थानों की ऋण वितरण क्षमता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक हैं।
ऋण वितरण में पारदर्शिता एवं प्रभावी निगरानी पर जोर
राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (RITI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने ऋण प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाने के लिए रियल-टाइम डैशबोर्ड विकसित करने तथा ऋण के वास्तविक उपयोग की निगरानी के लिए मजबूत तंत्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई। वहीं, एसएलबीसी की संयोजक सुश्री परिमिता मिश्रा ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में ऋण वितरण लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों, चुनौतियों तथा राज्य सरकार के विभागों एवं बैंकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर चर्चा की। इस अवसर पर सिडबी, भारतीय स्टेट बैंक एवं आईसीआईसीआई बैंक के महाप्रबंधकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
चार तकनीकी सत्रों में ग्रामीण विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा
कॉन्क्लेव के अंतर्गत चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें राजस्थान में ऋण क्षमता एवं क्षेत्रवार अवसरों, अवसंरचना एवं जलवायु संबंधी राज्य की प्राथमिकताओं, जल सुरक्षा एवं जलवायु लचीलेपन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं मूल्य श्रृंखलाओं तथा कृषि प्रसंस्करण एवं बाजार संपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अंतिम सत्र में आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए खुली चर्चा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न हितधारकों ने कार्यान्वयन योग्य सुझाव प्रस्तुत किए।
सफलता की कहानियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन, उत्कृष्ट संस्थाएं सम्मानित
इस अवसर पर नाबार्ड द्वारा प्रकाशित पुस्तिका ‘जल से जीवन – वाड़ी से खुशहाली तक : एलआरईडीपी एवं ट्राइब्स – सफलता की कहानियां’ का विमोचन किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS), किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), ऑफ-फार्म उत्पादक संगठनों (OFPOs) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को सम्मानित किया गया।
कॉन्क्लेव में वरिष्ठ बैंकर, विकास वित्तीय संस्थानों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।