नरबदखेड़ा पंचायत समिति की पहली प्रधान बनीं लक्ष्मी देवी, एक वोट से भाजपा प्रत्याशी को हराया

जयपुर

Narbada Kheda : ब्यावर। पंचायतराज चुनाव के तहत शुक्रवार को ब्यावर जिले की नवगठित नरबदखेड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए चुनाव हुए। मतदान और मतगणना के बाद कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी देवी ने जीत हासिल की।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह रावत को एक वोट से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। लक्ष्मी देवी को 8 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 7 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ लक्ष्मी देवी नरबदखेड़ा पंचायत समिति की पहली प्रधान बन गई हैं।

कांग्रेस समर्थित लक्ष्मी देवी को मिले 8 वोट

प्रधान पद के चुनाव में भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 5 से विजयी पंचायत समिति सदस्य वीरेन्द्र सिंह रावत ने नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस ने वार्ड संख्या 3 से निर्दलीय चुनाव जीतने वाली लक्ष्मी देवी को अपना समर्थन दिया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोनों प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए।

इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान करवाया गया। मतगणना में लक्ष्मी देवी को 8 और भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह रावत को 7 वोट मिले। इस तरह लक्ष्मी देवी ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।

Laxmi Devi

15 सदस्यों वाली पंचायत समिति में ऐसे बना समीकरण

नरबदखेड़ा पंचायत समिति में कुल 15 वार्ड हैं। इनमें भाजपा के 6, कांग्रेस के 7 और 2 निर्दलीय सदस्य हैं। चुनाव परिणाम के अनुसार दोनों निर्दलीय सदस्यों में से एक ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी और दूसरे ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया।

मतदान के दौरान भाजपा के 6 सदस्यों के साथ एक निर्दलीय सदस्य ने वीरेन्द्र सिंह रावत के पक्ष में वोट दिया। वहीं कांग्रेस के 7 सदस्यों और प्रत्याशी लक्ष्मी देवी ने उनके पक्ष में मतदान किया।

जीत के बाद लक्ष्मी देवी को दिलाई गई शपथ

मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ ने लक्ष्मी देवी को विजयी घोषित किया और उन्हें प्रधान पद की शपथ दिलाई। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई, जबकि भाजपा खेमे में मायूसी दिखाई दी।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत, उपजिला प्रमुख टीकम सिंह चौहान और कांग्रेस की ओर से पार्षद दलपतराज मेवाड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।