Loading...

India Monsoon Rain Alert : देशभर में मानसून का कहर! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

India Monsoon Rain Alert : देशभर में मानसून का कहर! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

India Monsoon Rain Alert : नई दिल्ली/जयपुर। देश में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में आज तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पंजाब के पटियाला जिले के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसका मतलब है कि मौसम बहुत खराब होने वाला है और तुरंत कदम उठाने की जरूरत है।

आईएमडी ने बिजली कड़कने, तेज हवाओं (करीब 60 किमी/घंटा की रफ्तार) और भारी बारिश (15 मिमी/घंटा से ज्यादा) के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई है। आईएमडी ने लोगों से घर के अंदर रहने और बिना जरूरत के यात्रा न करने को कहा गया है। देशभर में बारिश से आम लोगों का जीवन भी प्रभावित है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सोमवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं 14 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में बिहार के अलग-अलग जिलों के 7 और बंगाल के हावड़ा के 4 लोग शामिल हैं।

बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड

उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर एक बार फिर से लैंडस्लाइड (Badrinath Landslide) हुआ। यहां बारिश के बाद सड़क पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। इसके कारण करीब 200 यात्री फंस गए हैं, जो सोमवार रात 9 बजे से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं हरियाणा के अंबाला और झज्जर में पूरी रात बारिश हुई। बारिश के बाद यहां सड़कें तालाब बन गईं। दुकानों में पानी घुस गया। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा में देर रात से सुबह तक बारिश बारिश का दौर जारी रहा। कई इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। जिसके बाद स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 4-7 अगस्त के बीच बारिश के आसार हैं और इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

एमपी में 2 दिन तक तेज बारिश के आसार नहीं

मध्य प्रदेश में पिछले 4 दिन से तेज बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिन यानी 4-5 अगस्त तक तेज बारिश के आसार नहीं है। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल की माने तो 6 अगस्त से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर प्रदेश में दिखेगा और कई जिलों में भारी बारिश होगी। सोमवार को कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई। बादल और बूंदाबांदी का दौर जरूर रहा।

यूपी में फिर सक्रिय मानसून, सभी जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तरप्रदेश में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 72 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और मथुरा समेत 50 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लखनऊ और उन्नाव में सोमवार रात 9 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी रहा। बारिश के बाद यहां की सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश के चलते कई घरों में पानी घुस गया। वहीं रायबरेली में भारी बारिश की चलते कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई। आगरा में बारिश के बाद प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। उधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से यूपी में गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 24 और बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। दोनों शहरों में स्टेट हाईवे पर पिछले 5 दिनों से गंगा का पानी बह रहा है।

Advertisement

राजस्थान में आज से कमजोर होगा मानसून!

राजस्थान में आगामी तीन दिन यानी 7 अगस्त तक मानसून की रफ्तार सुस्त हो जाएगी। मौसम विज्ञान के अनुसार, आज मानसून ट्रफ लाइन नॉर्थ (उत्तर) की तरफ शिफ्ट हो गई। राज्य के ऊपर बना लो-प्रेशर एरिया कमजोर होकर साइक्लोनिक सर्कुलेशन में तब्दील हो गया। इस कारण जोधपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश कम होगी। जबकि राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है। इधर, राजस्थान में एक्टिव मानसून के चलते अलवर, जयपुर, चूरू सहित कई जिलों में मंगलवार को भी रुक-रुककर बारिश हुई। भरतपुर, जयपुर, बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को भी जयपुर, चूरू सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। चूरू के किरताण गांव में एक मकान पर बिजली गिर गई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अभी प्रदेश के केवल 4 ही ऐसे जिले हैं, जहां अब तक बारिश सामान्य या उससे थोड़ी ज्यादा हुई।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।