अफ़ग़ानिस्तान में विदेशी पर्यटक कबूल कर ले रहे इस्लाम
- हो सकते हैं चीनी गुप्तचर
क़ाबुल, (एजेंसी)। अफगानिस्तान घूमने जा रहे विदेशी पर्यटक रहस्यमय तरीके से इस्लाम धर्म कबूल कर रहे हैं। दिलचस्प यह है कि अफगानिस्तान का तालिबान प्रशासन इनका जमकर प्रचार भी कर रहा है और खुफिया एजेंसियां इस पर नजर रख रही हैं। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार की आधिकारिक प्रवक्ता के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह के दौरान सात लोगों ने अफगानिस्तान आकर इस्लाम धर्म कबूल किया है। जिन लोगों ने इस्लाम धर्म कबूल किया, उनमें कथित तौर पर चीन से अफगानिस्तान घूमने आई एक महिला पर्यटक भी शामिल है। चीनी टूरिस्ट के अलावा कनाडा से घूमने आए एक कनाडा पर्यटक ने भी काबुल में एक स्थानीय अफगान के हाथों इस्लाम कबूल कर लिया। इसके अलावा अफगानिस्तान घूमने आए अलग-अलग देशों से पांच ऐसे ही पर्यटकों ने भी अफगानिस्तान की तोरकम सीमा पर इस्लाम स्वीकार कर लिया। अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने इन सभी के बाकायदा वीडियो और फोटो भी जारी किए हैं।अफगान तालिबान का कहना है कि यह सभी लोग सदाचार को बढ़ावा देने और बुराई की रोकथाम के लिए इस्लाम कबूल कर रहे हैं। इनमें सबसे दिलचस्प चीनी महिला है। उसे संभवत: यह भी पता होगा कि अफगानिस्तान में महिलाओं की क्या हालत है। महिलाओं के साथ किस तरह के अत्याचार किए जा रहे हैं। उन्हें किसी भी तरह की कोई स्वतंत्रता नहीं दी गई है। इसके बावजूद अफगानिस्तान में चीनी युवतियां और महिलाएं आकर बड़े पैमाने पर इस्लाम धर्म कबूल कर रही हैं।
क्या खुलासा हुआ
खुफिया शाखा से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि चीन की लगातार कोशिश जारी है कि अफगानिस्तान में अपने ज्यादा से ज्यादा जासूसों को स्थापित किया जाए। यही कारण है कि वहां चीनी नागरिक बड़े पैमाने पर जाकर इस्लाम धर्म कबूल कर रहे हैं और वहां के लोगों से शादियां भी कर रहे हैं। खुफिया शाखा के अधिकारियों का मानना है कि जो ईसाई धर्म या कनाडा मूल के नागरिक वहां जाकर इस्लाम धर्म कबूल कर रहे हैं संभवत वे आतंकवादी संगठन की आईडियोलॉजी से प्रभावित हो सकते हैं।
आतंकी कर रहे खेल?
ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें सोशल मीडिया के जरिए आतंकवादी संगठन अलग-अलग देशों के लोगों को प्रभावित कर आतंकवाद में कूदने के लिए मजबूर कर देते हैं। फिलहाल अफगानिस्तान में लगातार हो रहे इस धर्म परिवर्तन पर अब दुनिया भर की खुफिया एजेंसिंयों की निगाहें टिक गई हैं। अफगानिस्तान ऐसा देश है, जिसके बारे में दुनिया बहुत कुछ नहीं जान पाई है। कारण कि वहां पाबंदियां बहुत हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
