चौमू में बड़ी अकीदत और एहतराम के साथ निकला इमाम हुसैन का जुलूस
चौमू, (रॉयल पत्रिका)। चौमू में मुहर्रम की कत्ल की रात इमाम हुसैन की याद में बड़ी अकीदत और एहतराम के साथ जुलूस निकाला गया। शुक्रवार रात 10 बजे इमाम चौक से पठानों का मोहर्रम रवाना हुआ, जो दुर्गा पोल दरवाजे से होते हुए लक्ष्मी नाथ चौक, बावड़ी गेट तक पहुंचा। ढोल-ताशों की मातमी धुनों और या अली, या हुसैन की सदाओं से शहर गूंज उठा। जगह-जगह मरसिया पढ़े गए और कई अकीदतमंदों ने रोजा रखकर इमाम हुसैन की याद में छबीलें लगाईं तथा राहगीरों को शरबत पिलाया। जुलूस शहर के कई रास्तों से गुजरते हुए सुबह 5 बजे इमाम चौक लौटा। इसके बाद 6 मुहर्रम को सुबह 10 बजे पुनः इमाम चौक से रवाना होकर दुर्गा पोल, लक्ष्मी नाथ चौक, बावड़ी गेट होते हुए बस स्टैंड और नगर पालिका से गुजरता हुआ मोरीजा रोड स्थित करबला पर शाम 5:30 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। हरमाड़ा एसएचओ उदयभान यादव, मुरलीपुरा एसएचओ वीरेंद्र कुरील, करनी विहार एसएचओ हवा सिंह, दौलतपुरा एसएचओ नंदलाल नेहरा मय जाप्ता मौजूद रहे। एडिशनल एसपी पश्चिम आलोक, एसीपी चौमू अशोक चौहान, एसएचओ प्रदीप शर्मा भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे। जुलूस में इमाम हुसैन की याद में शहरभर के अकीदतमंद शामिल हुए। कमेटी के अध्यक्ष जफर मोहम्मद खान, गुलाम मोहम्मद, भीखन खान, वाशिम खान, अमजद खान, रियायत खान, शेफ अली, मिनाज खान, शमशाद खान, शहजाद खान, मुबारिक खान, शब्बीर खान, लियाकत अली सहित चौमू शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जुलूस के दौरान अमन और भाईचारे का पैगाम देते हुए शांति व्यवस्था बनी रही
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
