Loading...

कांग्रेस के संविधान बचाओ कार्यक्रम में लगातार बरसात के बावजूद हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेसजन

baran

Follow us

Share

निर्दोष प्रमोद भाया को गिरफ्तार करके दिखाए बारां एसपी-डोटासरा
बारां.(रॉयल पत्रिका)  कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि बारां जिला मुख्यालय पर कांग्रेस संगठन से प्राप्त निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बारां द्वारा जिला मुख्यालय पर संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। भारी बरसात के बावजूद बारां जिले सहित हाडौती संभाग के कोटा, बून्दी, झालावाड़ से 15 हजार से अधिक कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पधारे हुए सभी अतिथियों का डीसीसी की तरफ से स्वागत सम्मान किया गया तथा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
  कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुुए प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदीजी बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय दोगुनी करने, विदेश नीति ठीेक करने, एक के बदले 10 सिर लाने जैसे कई मुद्दो पर पूरी तरह विफल हो चुके है। 11 साल के शासन में मोदीजी ने कौनसा अपना वादा पूरा कर दिया वह यह बता दे। केवल उन्होनें संविधान, लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य किया है। उन्हें देश के नौजवानों, बेरोजगारों, किसानों, व्यापारियों की चिन्ता नही है। जब पहली बार मोदीजी की सरकार बनी तक उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून को बदलकर अडाणी, अम्बानी को जमीने देने की साजिश रची। डोटासरा ने कहा कि कोई भी भाजपा नेता या अधिकारी प्रमोद जैन भाया की तरफ आंख उठाकर देखेगा तो हम ईट से ईट बजा देंगे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज हो हालात प्रमोद जैन भाया के साथ हो रहे है वही हालात पूरे देश के अन्दर इन दिनों हो रहे है। राहुल गांधी ने भारत जोडो यात्रा की, उनके पिताजी राजीव गांधी जी को बम से उडा दिया, उनकी दादी इंदिरा गांधी के सीने पर गोलियां दागकर छलनी कर दिया और उसी परिवार के व्यक्ति को 56 घण्टे तक ईडी पूछताछ के लिए बुलाती है। भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है। हम सभी नेताओं पर मुकदमें दर्ज है। भाजपा कितनी ही ताकत लगा ले हम डरने वाले नही है।
     पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने अपने सम्बोधन में कहा कि चुनाव होते रहते है, इसमें हार-जीत होती है लेकिन विरोधी दुश्मन नही होता। मैंने जिला परिषद में पहला चुनाव स्व. सोहनलाल गुप्ता, दूसरा चुनाव हेमराज मीणा पूर्व विधायक, तीसरा चुनाव स्व. प्रेम नारायण गालव, चैथा चुनाव स्व. रघुवीर सिंह कौशल, पांचवा एवं छठा चुनाव प्रभूलाल सैनी के खिलाफ चुनाव लड़ा। वर्ष 2023 में मैंने कंवरलाल मीणा के खिलाफ चुनाव लड़ा। कंवरलाल मीणा की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उसी की देन है कि मेरे एवं मेरे जिम्मेदार साथियों पर झूंठे मुकदमें दर्ज हुए। मांगरोल में स्टेडियम विकास के कार्य करवाए जिसे लेकर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया। अन्ता में विकास के कार्य करवाए गए जिसमें कई धार्मिक कार्य भी थे, मेरे खिलाफ अन्ता में जो मुकदमा दर्ज करवाया गया उसमें मेरा फर्जी लेटरपेड लगा दिया। आरटीआई से सूचना चाही जाने पर नगर पालिका द्वारा जवाब दिया कि ऐसा कोई पत्र उनके कार्यालय में प्राप्त ही नही हुआ है। हमारी नगर परिषद बारां में एससी दलित समाज की महिला सभापति ज्योति पारस है उनके खिलाफ एक ही प्रकरण में 3 बार मुकदमे दर्ज करवाए जिस पर हाईकोर्ट ने भी नाराजगी व्यक्त की। इसी प्रकार हमारे साथी उप सभापति स्वर्गीय गौरव शर्मा ने पट्टा बनवाया अपने घर के पास के भूखण्ड का, उस पत्रावली में कांट-छांट कर नक्शा लगा दिया दूसरी कालोनी का। हमारे शाहबाद पंचायत समिति के उप प्रधान कौशल राठौर को 7 साल पुराना केस बताकर मुकदमा दर्ज किया और इस मुकदमें में उनसे 7 साल पुराने नोट बरामद किए। आश्चर्य की बात तो यह है कि पुलिस ने जो नोट बरामद किए वह उस समय छपे ही नही थे। वर्ष 2014 से जिला कलक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक के घर, ऑफिस से केवल 700 मीटर की दूरी पर मिट्टी का खनन हो रहा है और यह खनन अभी भी जारी है इसके लिए गूगल रिपोर्ट देख सकते है। दैनिक भास्कर में अभी एक आदिवासी सहरिया की जमीन का प्रकरण छपा था। उस आदिवासी के पास 50-60 बीघा जमीन है और उस पर पूर्व पहले से ही पत्थर निकाले जा रहे थे और अभी भी निकाले जा रहे है जो स्वयं अपनी मर्जी से इस कार्य में लिप्त है। एक मुल्जिम को पुलिस ने पकडा उसे 3 दिन तक दूसरे थाने में रखकर थर्ड डिग्री का प्रयोग किया फिर उसको कोतवाली बारां को सौंपा वहां पर भी उस पर थर्ड डिग्री का प्रयोग किया, उससे यह कहलवाना चाहा कि कि प्रमोद भाया ने नरेश मीणा को मारने के लिए हमें रिवाल्वरें दी।
भाया ने कहा कि इन झूंठे मुकदमों को लेकर मैंने, डोटासरा एवं जूली के साथ मिलकर पूर्व डीजीपी साहू को अपना प्रतिवेदन दिया और उन्हें बताया तो उन्होनें भी इन मुकदमों को बातचीत में झूंठा माना। यदि इन झूंठे मुकदमों का बारां, झालावाड जिले बाहर के पुलिस अधिकारी से यदि जांच करवाई जाएगी तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि आज पूरे देश सहित राजस्थान प्रदेश में संविधान की खुलेआम धज्जियां उडाई जा रही है, माफिया हावी है, सारे नियम, कायदे-कानून तोड़े जा रहे है, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, पूरी तरह से भय व अराजकता का माहौल है। देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। नगर पालिकाओं एवं पंचायतीराज संस्थाओं के 5 साल पूरे हो जाने के बावजूद संविधान के अनुसार चुनाव नही करवाए जा रहे है। आमजन को बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नही हो पा रही है, युवा बेरोजगार होकर भटक रहे है।
लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने कहा कि 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते है और एकदलीय व्यवस्था की तरफ भारत देश को ले जाना चाहते है, लेकिन उन्हें यह नही मालूम कि लाखों देशवासियों, क्रान्तिकारियों के बलिदान से हमें आजादी मिली है। भाजपा का देश के विकास में कोई योगदान नही रहा है तथा संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बनाने का काम मोदी सरकार कर रही है।
विधायक अशोक चांदना ने कहा कि यह सरकार किसानों को डीएपी, यूरिया के साथ जोर जबरदस्ती कीट सौंप रही है जो किसान भाईयों के साथ सरेआम अन्याय है। चुनाव में भाजपा को हम झटका देंगे और बता देंगे कि जनता से बढकर कोई नही है।
पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने कहा कि शेर के पांव में पिन चुभ जाने से भेडिए राज नही करेंगे। भाया जैसे समाजसेवी, धर्मात्मा व्यक्ति पर अवैध हथियारों, रेत, बजरी का कार्य करने का आरोप झूंठे मुकदमों में लगाया गया है। जो गरीबों की बेटियों का विवाह करवाता है, मंदिर-मस्जिद बनवाता है, गरीब को गणेश मानकर कार्य करता है, गरीबों का बीमारी में ईलाज करवाता है वह प्रमोद जैन भाया है।
भाया दम्पत्ति ने इतनी भीषण बारिश होने के बावजूद हाडौती संभाग से पधारे हुए कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।