Loading...

कोटा विकास प्राधिकरण की चतुर्थ बैठक

Jaipur

Follow us

Share

 

1650 करोड़ रूपये का बजट पारित

दो नई आवासीय योजनाएं लॉन्च

कोटा, 28 मई। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की चतुर्थ बैठक बुधवार को संभागीय आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में केडीए सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कोटा के इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए 1650 करोड़ रूपये का बजट पारित किया गया। साथ ही, दो नई आवासीय योजनाएं भी लॉन्च की गई।

खाली प्लॉट में जल भराव पर होगी कार्यवाही

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्राधिकरण द्वारा आवंटित भूखंड में नियत समयावधि में निर्माण नहीं करने से खाली प्लॉट में जल भराव होता है और किसी तरह की जनहानि एवं मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका रहती है संबंधित कनिष्ठ अभियंता द्वारा जल भराव वाले प्लॉट चिन्हित किए जाएंगे एवं वहां मिट्टी भराई के खर्च की वसूली पट्टाधारक से की जाएगी। मिट्टी भराई का खर्च एवं समयावधि में निर्माण नहीं करने पर निर्माण शास्ति की वसूली की जाएगी। साथ ही, खाली प्लॉट में जल भराव के कारण किसी प्रकार की जनहानि होने पर संबंधित पट्टाधारक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन भूखंड आवंटियों ने आवंटन की शर्तों की पालना नहीं की है उनके खिलाफ लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। आवंटन शर्तों के अनुसार लम्बे समय तक निर्माण नहीं होने एवं आवंटन की शर्तों के उल्लंघन पर नियमानुसार भूखंड निरस्त किए जाने की कार्यवाही भी की जा सकती है।

कार्य गुणवत्ता की थर्ड पार्टी जांच होगी

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राधिकरण के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन करवाया जाएगा। इसके लिए आईआईटी एवं प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी।

नन्दग्राम एवं रस्टिक फार्म योजना लॉन्च

इस अवसर पर कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा दो नई आवासीय योजनाएं भी लॉन्च की गई। इसमें ‘‘नन्दग्राम’’ योजना एयरपोर्ट रोड पर बड़गांव के पास लॉन्च की गई है। इसमें अफोर्डेबल हाउसिंह को प्रोत्साहित करने के लिए ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी श्रेणी के 46 भूखंड एवं एमआईजी श्रेणी के 19 भूखंड उपलब्ध होंगे। इस योजना में पार्क, फेसिलिटी एवं फुटकर दुकानें भी प्रस्तावित की गई हैं। यह योजना 36 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित है जो बड़गांव को बूंदी रोड से जोड़ती है।

केडीए की दूसरी योजना ‘‘रस्टिक फार्म’’ बल्लोप, बूंदी रोड पर होगी। इसमें 18 फार्म हाउस एवं एक क्लब हाउस प्रस्तावित है। फार्म हाउस का क्षेत्रफल 1500 से 3000 वर्ग मीटर होगा।

बैठक में जिला कलक्टर बूंदी अक्षय गोदारा, केडीए आयुक्त ऋषभ मंडल, केडीए सचिव कुशल कोठारी, भूमि अवाप्ति अधिकारी मालविका त्यागी, निदेशक वित्त नीतू सिंह, निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र माथुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।