WAVES सम्मेलन में सजेगा सितारों का महासंगम, मनोरंजन उद्योग के भविष्य पर होगी चर्चा
- प्रधानमंत्री मोदी करेंगे सम्मेलन का उद्घाटन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मुंबई में आयोजित पहले विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (WAVES) का उद्घाटन करेंगे। चार दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मीडिया और मनोरंजन जगत की तमाम बड़ी हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री के उद्योग के प्रमुख नेताओं से संवाद करने की भी संभावना है। इस आयोजन का मकसद दुनियाभर में तेजी से बढ़ रही क्रिएटर इकोनॉमी को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन सत्र में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव भी संबोधन देंगे। इस सम्मेलन में अमिताभ बच्चन,रजनीकांत, मोहनलाल, हेमा मालिनी और चिरंजीवी जैसे टॉप एक्टर्स के भाग लेने की उम्मीद है। शिखर सम्मेलन में थीम बेस्ड फुल सेशन और चर्चाएं होंगी, जिनका उद्देश्य भारत और उसके बाहर ऑडियो-विजुअल उद्योग के भविष्य को आकार देना होगा। पहले दो दिन सिनेमा, फिल्म निर्माण और मार्केटिंग पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जबकि अगले दो दिन बिजनेस मीटिंग्स और आम जनता की भागीदारी होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ग्लोबल मीडिया डायलॉग की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें दुनियाभर के मंत्री, मीडिया उद्योग के नेता और नीति निर्माता भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन से पहले घोषित 32 चुनौतियों के विजेताओं को पहला वेव्स पुरस्कार भी मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा।
मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन का स्थायी आयोजन स्थल होने की उम्मीद है, जिसे मीडिया और मनोरंजन उद्योग का सबसे बड़ा जमावड़ा माना जा रहा है, ठीक वैसे ही जैसे दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक व्यापार और अर्थव्यवस्था क्षेत्रों के लिए होती है। पहले दिन की शुरुआत ‘लीजेंड्स एंड लेगेसीज: द स्टोरीज दैट शेप्ड इंडियाज सोल’ टाइटल से एक हाई-प्रोफाइल पैनल चर्चा से होगी, जिसमें अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, मिथुन चक्रवर्ती, रजनीकांत, मोहनलाल और चिरंजीवी शामिल होंगे। इस सेशन का संचालन अभिनेता अक्षय कुमार करेंगे।सम्मेलन का एक बड़ा आकर्षण ‘द न्यू मेनस्ट्रीम: ब्रेकिंग बॉर्डर्स, बिल्डिंग लीजेंड्स’ सत्र होगा, जिसमें फिल्म निर्माता एस.एस. राजामौली, अभिनेता अनिल कपूर, आलिया भट्ट, विक्की कौशल और मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान हिस्सा लेंगे। इस सत्र का संचालन निर्माता-निर्देशक करण जौहर करेंगे। इसके अलावा, एक और बहुप्रतीक्षित चर्चा शाहरुख खान और करण जौहर के बीच होगी, जिसका शीर्षक है ‘द जर्नी: फ्रॉम आउटसाइडर टू रूलर’। इसमें शाहरुख खान के प्रेरणादायक करियर और उनके सफर पर बातचीत होगी। सम्मेलन के एजेंडे में डिजिटल युग में प्रसारण के रेगुलेशन, ऑडियो-विजुअल कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कॉपीराइट संरक्षण, मीडिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका, थिएटर रिलीज का भविष्य, और एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स तथा एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) सेक्टर के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
