Loading...

जौहरी बाजार में पोस्टर विवाद के बाद तनाव, सूझबूझ से पुलिस ने संभाला हालात

Follow us

Share

  • विधायक बाल मुकुंद आचार्य पर एफआईआर दर्ज

जयपुर। राजधानी जयपुर के जौहरी बाजार में शुक्रवार रात उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब जामा मस्जिद के बाहर पोस्टर लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। हालांकि, समय रहते पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ तथा स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद इलाके में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल अब भी तैनात है। दरअसल, कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य और उनके समर्थक जामा मस्जिद के बाहर पहुंचे और वहां कुछ पोस्टर लगाए। इसी दौरान नारेबाजी भी की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कथित तौर पर मस्जिद के बाहर आपत्तिजनक भाषा और व्यवहार देखने को मिला, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और बड़ी संख्या में मस्जिद के बाहर जमा हो गए। जामा मस्जिद कमेटी के सचिव जहीरउल्लाह खान ने विधायक पर आरोप लगाया कि जब नमाज का समय चल रहा था, तब वह अपने समर्थकों के साथ मस्जिद परिसर में दाखिल हुए और आपत्तिजनक नारे लगाए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आतंकवाद विरोधी संदेश वाले पोस्टर से उन्हें कोई आपत्ति नहीं, बल्कि बाकी आपत्तिजनक तत्वों को लेकर ही विरोध किया गया।

  • विधायकों और प्रशासन की पहल से शांत हुआ मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। दोनों विधायकों ने मस्जिद कमेटी के सदस्यों के साथ मिलकर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ से मुलाकात की और जल्द कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में माणक चौक थाने में एफआईआर दर्ज की। एफआईआर की जानकारी मिलने और विधायकों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भीड़ धीरे-धीरे शांत हुई। जामा मस्जिद, बड़ी चौपड़ और आस-पास के इलाके को खाली कराया गया। मौके पर मौजूद एसीपी कुंवर राष्ट्रदीप, डीसीपी राशि डोगरा, रामेश्वर सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारियों ने हालात को नियंत्रित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचने का आग्रह किया गया है।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है, लेकिन धर्म के नाम पर राजनीति और उकसावे की कोशिशें निंदनीय हैं। जयपुर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है और इसे किसी भी सूरत में बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।