आरएएस अधिकारी अकील अहमद सेवा से बर्खास्त
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राज्य सरकार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के अधिकारी अकील अहमद खान के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अकील अहमद पर सेवा से लंबे समय तक अनुपस्थित रहने और इस दौरान किसी अन्य पेशे में लिप्त रहने के आरोप थे। कार्मिक विभाग के संयुक्त सचिव कनिष्क कटारिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अकील अहमद 5 जून 2022 से बिना स्वीकृत अवकाश के लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने न तो पदभार ग्रहण किया और न ही विभागीय नोटिसों का कोई संतोषजनक जवाब दिया। अकील अहमद, जो पूर्व में राजस्थान वक्फ बोर्ड के सीईओ भी रह चुके हैं, ने 15 मार्च 2022 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का अनुरोध किया था। हालांकि, 18 माह का असाधारण अवकाश पहले ही लिए जाने के कारण उनकी कुल सेवा 15 वर्षों से कम रह गई, जिससे वे VRS के पात्र नहीं माने गए। इसके बाद उन्होंने 8 जून 2022 को त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध करते हुए सेवा से बाहर जाने की मंशा जताई। परंतु बिना आधिकारिक स्वीकृति के सेवा से नदारद रहने के चलते मामला विवादित हो गया।
- बार-बार नोटिस, लेकिन पदभार ग्रहण नहीं किया
सरकार ने अकील अहमद का तबादला महिला एवं बाल विकास विभाग, बांसवाड़ा में निदेशक पद पर किया, मगर उन्होंने वहां ज्वॉइन ही नहीं किया। कार्मिक विभाग ने 31 नवंबर 2022, 7 जुलाई 2022, 16 मार्च 2023 और 27 जुलाई 2023 को नोटिस भेजे, जिनका या तो कोई जवाब नहीं आया या जवाब संतोषजनक नहीं था। अंततः विभाग ने माना कि अधिकारी का सेवा में बने रहने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने 5 जून 2022 से ही खुद को सेवा से अलग मान लिया था और व्यवसाय में सक्रिय हो गए थे। इसके आधार पर सरकार ने उन्हें सेवा से ‘त्यागपत्र दिया हुआ मानते हुए’ टर्मिनेट कर दिया।
- राजनीतिक कनेक्शन भी चर्चा में
अकील अहमद, AIMIM के राजस्थान अध्यक्ष जमील अहमद खान के भाई हैं। जमील ने 2023 के विधानसभा चुनाव में जयपुर की हवा महल सीट से ओवैसी की पार्टी AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। उस दौरान यह कयास लगाए जा रहे थे कि अकील अहमद भी AIMIM से चुनाव लड़ सकते हैं, जो बाद में अफवाह साबित हुआ। अकील अहमद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी के साथ 2010 से 2013 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी कार्य किया था। राज्य सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और सेवा की गंभीरता को बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।वर्तमान में अकील अहमद ‘वीकेन’ नाम से 8-10 स्कूलों की श्रंखला संचालित करते हैं। ‘वीकेन’ नाम के ज्यादातर स्कूल, जयपुर के मुस्लिम क्षेत्रों में चलाए जा रहे हैं। दावा किया जाता है कि ‘वीकेन’ स्कूल इंग्लिश मीडियम की शिक्षा देते हैं जिनमें गरीब बच्चों का प्रवेश आसान नहीं है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
