Loading...

अखिलेश मेड़तवाल बने रामगंजमंडी पालिका चेयरमैन

Jaipur

Follow us

Share

डॉ. तौहीद

रामगंजमंडी, (रॉयल पत्रिका): रामगंजमंडी नगरपालिका की कमान अब भाजपा के पार्षद अखिलेश मेड़तवाल के हाथों में है। स्वायत्त शासन विभाग ने मंगलवार को कांग्रेस के चेयरमैन देवीलाल सैनी और वाइस चेयरमैन रमेश कुमार मीणा को निलंबित कर दिया था। इसके बाद बुधवार सुबह एक आदेश जारी किया गया, जिसमें भाजपा के अखिलेश मेड़तवाल को 60 दिन के लिए अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया। बुधवार शाम को मेड़तवाल ने नगरपालिका में कार्यभार ग्रहण किया।

दिसंबर 2020 में हुए नगरपालिका चुनाव में देवीलाल सैनी को चेयरमैन और रमेश कुमार मीणा को वाइस चेयरमैन बनाया गया था, और तब से दोनों अपने पदों पर बने हुए थे। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक इंद्रजीत सिंह द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि चेयरमैन सैनी ने कॉलोनाइजर को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों के खिलाफ 12 भूखंडों के पट्टे जारी किए, जिसके कारण उनका निलंबन हुआ। वहीं, उपाध्यक्ष रमेश कुमार मीणा को पालिका की भूमि पर स्वयं और उनके परिजनों द्वारा अतिक्रमण करने के मामले में निलंबित किया गया।

अखिलेश मेड़तवाल की प्राथमिकताएँ: नए पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल ने मंत्री मदन दिलावर के निर्देशानुसार शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने और अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि, “हम पूरे शहर को नियमित रूप से साफ रखने के लिए विशेष प्लान बनाएंगे और अतिक्रमण मुक्त शहर बनाने के लिए भी ठोस कदम उठाएंगे।” पदभार ग्रहण करने से पहले अखिलेश मेड़तवाल ने अपने समर्थकों के साथ शहर में जुलूस निकाला। जयपुर से रामगंजमंडी आने के बाद उनका कई जगहों पर स्वागत किया गया। वे थाना चौराहे से होते हुए मुख्य मार्गों से गुजरते हुए नगरपालिका पहुंचे। वहां उन्होंने सबसे पहले पालिका की चौखट पर नमन किया और फिर अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया।चार साल बाद अध्यक्ष पद की कुर्सी पर वापसी: दिसंबर 2020 में हुए नगरपालिका चुनाव में अखिलेश मेड़तवाल को 15 मत मिले थे, जबकि देवीलाल सैनी को 25 मत मिलकर चेयरमैन बने थे। अब करीब सवा चार साल बाद मेड़तवाल को यह पद मिला है और वे वार्ड 11 के भाजपा पार्षद के रूप में अध्यक्ष बने हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।