सड़क पर बारातों से ट्रैफिक जाम और विवाद की आशंका
- मुस्लिम परिषद संस्थान ने पुलिस आयुक्त से की दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। जयपुर में चल रहे वैवाहिक सीजन के दौरान सड़कों पर निकलने वाली भारी-भरकम बारातों से आमजन को हो रही परेशानी को लेकर मुस्लिम परिषद संस्थान ने चिंता जताई है। संस्था के अध्यक्ष यूनुस चोपदार ने पुलिस आयुक्त जयपुर को एक पत्र लिखकर इस संबंध में सख़्त दिशा-निर्देश जारी करने और उनकी प्रभावी पालना करवाने की मांग की है। पत्र में यूनुस चोपदार ने लिखा है कि हाल के वर्षों में जयपुर शहर में बारातों में बैंड-बाजा, पहिए वाली लाइटों और भारी लवाजमे का चलन तेज़ी से बढ़ा है। बारातियों के साथ-साथ बैंड और लाइट स्टाफ की बड़ी संख्या, लाइटों की लारियाँ और तेज़ आवाज़ के कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि विशेषकर जब बारातें रात 10 बजे के बाद शुरू होती हैं, जो मुस्लिम समाज में आम बात है, तब यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेती है। सड़क पर सामान्य राहगीरों और बारातियों के बीच झगड़े की आशंका बढ़ जाती है, जो कई बार सांप्रदायिक तनाव का रूप भी ले सकती है। इससे न केवल आमजन को असुविधा होती है, बल्कि शादी के घर की खुशियाँ भी प्रभावित हो जाती हैं। चोपदार ने सुझाव दिया है कि बारातों के लिए पूर्व-निर्धारित मार्ग, समय-सीमा, और लाइटों व ध्वनि विस्तारकों के उपयोग पर नियंत्रण जैसे दिशा-निर्देश तय किए जाएं और पुलिस प्रशासन इनकी सख्ती से निगरानी करे। मुस्लिम परिषद संस्थान ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर ध्यान देगा और समय रहते ठोस कदम उठाएगा ताकि शहर में शांति, सुचारु यातायात और वैवाहिक कार्यक्रमों की गरिमा बनी रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
