जयपुर में मदरसा छात्रों का पहला खेल महोत्सव “उमंग 2025”
- अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम में मदरसे के 450 बच्चों ने दिखाया दमखम
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। सवाई मानसिंह स्टेडियम में रविवार को मदरसा छात्रों के पहले जिला स्तरीय खेल महोत्सव “उमंग 2025” का आगाज़ हुआ। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध की पहल पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राजस्थान मदरसा बोर्ड से पंजीकृत जिले के 14 ग्रुप्स से तकरीबन 450 बच्चों ने शिरकत की। खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, रूमाल झपट्टा, 50 व 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद जैसे 14 खेलों में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और जुनून से सबको हैरान कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अभिषेक सिद्ध ने मशाल जलाकर की।

यह पहला मौका था जब मदरसा के बच्चों ने एसएमएस स्टेडियम जैसे विश्वस्तरीय मैदान पर अपने कदम रखे, जहां अक्सर अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले होते हैं। एक प्रतिभागी आलिया खान ने उत्साहित होकर कहा, “हमारा यहां खेलने का सपना सच हो गया। कबड्डी के राष्ट्रीय खिलाड़ी गुलफाम नागोरी को विशेष सहयोग के लिए सम्मान दिया गया, जबकि ग्रुप-9 के रय्यान ने लंबी कूद में रजत पदक जीता। इस मौके पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने कहा, “इस आयोजन से बच्चों का आत्मविश्वास और साथियों के साथ मेलजोल बढ़ेगा। हम उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर निखारने के लिए प्रयासरत हैं।” निर्णायक मंडल में डॉ. गफ्फार अली और हरेंद्र कुमार शामिल रहे, जबकि स्वागत समिति में सुनीता बर्मन व चेतना चौधरी ने सहयोग दिया। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए प्रतिभागियों के लिए नाश्ता और भोजन का इंतेज़ाम किया गया। छात्रों ने न सिर्फ़ खेलों में बल्कि इस पुरजोशी भरे माहौल में भी अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की। “उमंग 2025” न सिर्फ़ मदरसा छात्रों के लिए एक नया अध्याय है, बल्कि यह समाज को यह सीख देता है कि हिम्मत और मेहनत से हर मंज़िल मुमकिन है। आगे भी ऐसे आयोजनों से बच्चों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की उम्मीद है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
