धरती आबा अभियान में राजस्थान देशभर में अव्वल, 6 हजार से ज्यादा गांवों में विकास कार्यों को मिली रफ्तार

जयपुर

Rajasthan News : जयपुर। जनजातीय क्षेत्रों के विकास और वहां रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के मामले में राजस्थान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वंचितों को वरीयता’ के विजन के तहत शुरू किए गए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान देशभर में पहले स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेश में मिशन मोड पर चलाया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना तथा लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करना है।

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत राजस्थान के 37 जिलों के 208 ब्लॉक्स के 6 हजार 19 गांवों में आश्रम छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों के निर्माण, उन्नयन एवं सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक विभिन्न विकास कार्यों के लिए 335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी किए जाने के साथ 277 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। इनके लिए भारत सरकार से 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति जारी की जा चुकी हैं।

Rajasthan Dharti Aaba Tribal Campaign

प्रदेश में 6 बहुउद्देशीय विपणन केन्द्र स्वीकृत

देशभर के जनजातीय गांवों के परिदृश्य में बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहे इस अभियान में प्रदेश के उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां एवं सिरोही जिलों में कुल 6 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केन्द्र स्थापित किए जा रहे है। इन विपणन केन्द्रों के माध्यम से जनजातीय उत्पादों के विपणन को बेहतर बनाते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा, ताकि जनजातीय समुदायों की आय एवं आजीविका के अवसरों में वृद्धि हो सके।

1 लाख से अधिक आदि कर्मयोगी प्रशिक्षित

अभियान के अंतर्गत जनजातीय समुदायों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और समस्या-समाधान की सोच विकसित करने के उद्देश्य से आदि कर्मयोगी अभियान की पहल की गई है। इसके प्रथम चरण में राजस्थान में 26 जिलों के 5 हजार 978 गांवों को शामिल करते हुए 162 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 1 हजार 82 ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स एवं 1 लाख 16 हजार 670 ग्राम स्तरीय आदि कर्मयोगियों एवं आदि सहयोगियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियां शामिल

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक जनजातीय नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए देशभर में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की एक ऐतिहासिक पहल की है। जनजाति कल्याण को समर्पित इस अभियान का उद्देश्य बुनियादी ढांचे के विकास के अंतर को दूर करते हुए स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आजीविका के अवसरों के साथ लगभग 5 करोड़ जनजातीय लोगों को लाभान्वित करना है।
मार्च 2029 तक क्रियान्वित किए जाने वाले इस अभियान में 17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसमें 26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 2 हजार 911 ब्लॉकों के 63 हजार 843 जनजातीय गांवों को लक्षित किया गया है

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।