दीपथून पर कल जलेगा दीप, सुप्रीम कोर्ट का फैसला, चीफ सेक्रेटरी-DGP समेत 13 अधिकारी तलब

नई दिल्ली

Supreme Court Deepathoon Case : नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून में कार्तिगई दीपम का दीप नहीं जलाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है।

अदालत ने मंदिर ट्रस्टियों और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मंदिर का प्रबंधन कोर्ट रिसीवर को सौंपने का आदेश दिया है। साथ ही पूरे पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी है। सुप्रीम कोर्ट ने माना कि मंदिर के प्रबंधन में ट्रस्टियों की ओर से पूरी तरह नाकामी रही है। अदालत ने तमिलनाडु सरकार और पुलिस प्रशासन को भी अपने 20 नवंबर के आदेश का पालन कराने में विफल माना। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसके आदेशों का पालन करना सभी सरकारी अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं के लिए अनिवार्य है।

मंदिर का प्रबंधन संभालेंगे पूर्व न्यायाधीश

सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित करते हुए पूर्व न्यायाधीशों वैद्यनाथन और पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है। ये रिसीवर मंदिर की पूजा-पद्धति, धार्मिक परंपराओं और व्यवस्थाओं के अनुसार प्रबंधन संभालेंगे।अदालत ने तमिलनाडु सरकार को निर्देश दिया है कि वह कोर्ट रिसीवर को कामकाज संभालने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराए। अदालत का मानना है कि मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले ट्रस्टियों ने अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभाई, जिसके कारण न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मंदिर और दरगाह की सुरक्षा CRPF के हवाले

सुप्रीम कोर्ट ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। अदालत ने मदुरै में CRPF कमांडेंट को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के पूरे क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। CRPF यह सुनिश्चित करेगी कि पहाड़ी पर स्थित मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा बनी रहे। इसके साथ ही धार्मिक गतिविधियों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था कायम रखी जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि दोनों धार्मिक स्थलों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और किसी भी पक्ष की धार्मिक गतिविधियों के कारण तनाव या हिंसा की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए।

28 नवंबर को श्रद्धालु जला सकेंगे दीप

सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून विवाद के बीच श्रद्धालुओं को 28 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति भी दी है। अदालत के निर्देश के अनुसार श्रद्धालु दीपथून पर दीप जला सकेंगे, लेकिन इसके लिए दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी का ध्यान रखना होगा। CRPF को इस व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। अदालत का उद्देश्य धार्मिक परंपरा के पालन के साथ-साथ दोनों धार्मिक स्थलों की शांति और सुरक्षा बनाए रखना है।

15 दिसंबर को अधिकारियों को पेश होना होगा

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और अन्य संबंधित अधिकारियों को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने मुख्य सचिव समेत 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि 20 नवंबर के आदेश का जानबूझकर पालन नहीं करने के आरोप में उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। कोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सामान्य तौर पर जिला प्रशासन की होती है। न्यायालय तभी हस्तक्षेप करता है, जब जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी अपना काम करने में विफल रहते हैं। ऐसा हस्तक्षेप भी अंतिम विकल्प के रूप में किया जाता है।

‘सुप्रीम कोर्ट के आदेश बातचीत का विषय नहीं’

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों और मंदिर बोर्ड के रवैये पर कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि उसके आदेश बातचीत या मोलभाव का निमंत्रण नहीं होते। जब तक अदालत स्वयं किसी आदेश को बदलती या रद्द नहीं करती, तब तक उसका पालन करना अनिवार्य है। कोर्ट ने चेतावनी दी कि न्यायिक आदेशों की अवहेलना करने वालों से अब सख्ती से निपटने का समय आ गया है। अगर ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज किया गया तो इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है। अदालत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का पद कितना भी बड़ा क्यों न हो, न्यायिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंदिर बोर्ड के प्रस्ताव पर अदालत नाराज

सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के उस प्रस्ताव पर भी नाराजगी जताई, जिसमें दीपथून की बजाय परंपरागत स्थान पर दीप जलाने का फैसला किया गया था। अदालत ने कहा कि बोर्ड का प्रस्ताव पहली नजर में उसके आदेश का जानबूझकर और गंभीर उल्लंघन दिखाई देता है। कोर्ट ने इसे न्यायालय के प्रति खुले तौर पर अनादर बताया। अदालत ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि मंदिर बोर्ड ने अपने प्रस्ताव में यह संकेत देने की कोशिश की कि अदालत के सामने रखी गई दलीलों को ठीक से समझा नहीं गया। जबकि बोर्ड स्वयं अदालत के सामने पेश नहीं हुआ था।

अनुच्छेद 144 का दिया हवाला

सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 144 का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के सभी नागरिक और न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी सुप्रीम कोर्ट की सहायता करने के लिए बाध्य हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि उसके आदेशों को सीधे या परोक्ष रूप से कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। आदेश का पालन नहीं होने पर न्यायालय के पास कार्रवाई करने की पूरी शक्ति है। जरूरत पड़ने पर अवमानना कानून का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

याचिकाकर्ताओं ने लगाया अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार और जे. साई दीपक ने दलीलें रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं कराया।याचिकाकर्ताओं ने मंदिर प्रशासन को हटाकर निष्पक्ष व्यक्ति को जिम्मेदारी देने और दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति लागू कराने की मांग की। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने भी मंदिर की जिम्मेदारी निष्पक्ष व्यक्ति को सौंपने और सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल तैनात करने का समर्थन किया।

तमिलनाडु सरकार ने क्या दलील दी?

दूसरी ओर तमिलनाडु सरकार और पुलिस अधिकारियों की ओर से अदालत में कहा गया कि जिला कलेक्टर ने आदेश का पालन कराने के लिए जरूरी कदम उठाए थे। पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के 5,797 जवान तैनात किए गए थे। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने दलील दी कि ट्रस्ट बोर्ड ने बैठक में दीप जलाने के स्थान को लेकर फैसला किया था और उनके पास उस फैसले को बदलने का अधिकार नहीं था। HR&CE विभाग की ओर से भी कहा गया कि आदेश में ट्रस्टियों को कुछ छूट दी गई थी और जानबूझकर अवहेलना नहीं की गई।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।