लोकसभा में 50 फीसदी बढ़ेंगी सीटें, मोदी कैबिनेट की परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को मंजूरी

नई दिल्ली

BJP Delimitation Bill 2026 : नई दिल्ली। देश की राजनीति में लोकसभा सीटों की संख्या और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बदलाव होने की तैयारी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा में राज्यों की सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर 815 हो सकती है। यानी 272 सीटों का इजाफा होगा। इसके साथ ही अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखने का प्रस्ताव है। करीब एक घंटे चली इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी के बाद भी इन बदलावों को लागू करने के लिए संसद में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना जरूरी होगा।

543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं लोकसभा सीटें

फिलहाल लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की योजना है। इसके बाद राज्यों की सीटों की संख्या 815 तक पहुंच सकती है। इसके अलावा केंद्रशासित प्रदेशों के लिए अलग से अधिकतम 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। इस तरह लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक हो सकती है। इस प्रस्ताव की एक महत्वपूर्ण बात यह है कि अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की योजना है। इसका उद्देश्य दक्षिण भारत समेत उन राज्यों की चिंताओं को दूर करना है, जिन्हें आशंका है कि परिसीमन के बाद उनकी लोकसभा में हिस्सेदारी कम हो सकती है।

महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण की मंजूरी

सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। 815 सीटों के आधार पर लोकसभा में करीब 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। हालांकि, इसका अंतिम स्वरूप संविधान संशोधन और संबंधित कानूनों के प्रावधानों पर निर्भर करेगा। सरकार का प्रयास है कि महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जा सके। इसके लिए परिसीमन और संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव की जरूरत होगी।

30 नवंबर से संसद में पेश हो सकता है महत्वपूर्ण विधेयक

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इससे पहले कहा था कि 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण विधेयक लाए जा सकते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे संसद की बहस में हिस्सा लें और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपनी बात रखें। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से शुरू हो रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को प्रस्तावित है। सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है। रिजिजू ने कहा कि संसद चलाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि सभी सांसदों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सदन में हर सदस्य को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कार्यवाही सुचारू रूप से चलनी चाहिए।

कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, विपक्ष की रणनीति तैयार

दूसरी ओर कांग्रेस ने सरकार की इस पहल पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए राजनीतिक तरीके से बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है।कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। वहीं संसद सत्र को लेकर शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक प्रस्तावित है। शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेता भी बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। विपक्ष की मुख्य चिंता यह है कि परिसीमन के नाम पर राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित नहीं होना चाहिए। विपक्ष चाहता है कि सरकार राज्यों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की बात विधेयक में स्पष्ट रूप से लिखे।

विधेयक पास कराने के लिए सरकार को कितने वोट चाहिए?

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होती है। इसके लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन के साथ सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत भी जरूरी होता है। उपलब्ध राजनीतिक आंकड़ों के आधार पर लोकसभा में 540 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए होंगे। सरकार के पास करीब 320 वोट होने का अनुमान है। ऐसी स्थिति में सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। राजनीतिक गणित में तीन दलों का समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बता दें कि DMK के 22, शरद पवार गुट की NCP के 8 और YSRCP के 4 सांसद है। इन तीनों दलों के कुल 34 सांसद हैं। यदि ये सभी सरकार के पक्ष में मतदान करते हैं तो समर्थन 354 तक पहुंच सकता है। यानी 360 के आंकड़े से 6 वोट कम रहेंगे। ऐसे में सरकार को अतिरिक्त समर्थन या क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ सकती है।

सपा के सांसद अनुपस्थित रहे तो बदल सकता है गणित

दूसरी स्थिति में यदि समाजवादी पार्टी के 37 सांसद मतदान से अनुपस्थित रहते हैं, तो मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या घटकर करीब 503 रह सकती है। ऐसी स्थिति में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा करीब 336 होगा। सरकार के 320 वोट और तीन अन्य दलों के 34 सांसदों का समर्थन मिलाकर संख्या 354 हो सकती है। इस तरह प्रस्तावित गणित के अनुसार सरकार बहुमत के आंकड़े से 18 वोट आगे निकल सकती है। हालांकि, यह केवल संभावित राजनीतिक गणित है। वास्तविक परिणाम सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सांसदों तथा पार्टियों के अंतिम रुख पर निर्भर करेगा।

DMK की शर्त- सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ें

इस पूरे मामले में तमिलनाडु की DMK की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। पार्टी ने परिसीमन को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। DMK की मांग है कि सीटों में बढ़ोतरी का फॉर्मूला सभी राज्यों पर समान रूप से लागू किया जाए और परिसीमन के बाद भी तमिलनाडु की संसद में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहे। पार्टी का कहना है कि तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत है। यदि सरकार सभी राज्यों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान विधेयक में स्पष्ट रूप से शामिल करती है, तो राज्य की चिंता काफी हद तक दूर हो सकती है।

रिजिजू और मनोज झा के बयान से बढ़ी राजनीतिक बहस

किरेन रिजिजू ने विशेष सत्र को लेकर कहा कि संसद में महत्वपूर्ण विधेयक और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा होना जरूरी है। उन्होंने विशेष सत्र को असंवैधानिक बताने वाली विपक्ष की टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना बताया। वहीं RJD सांसद मनोज झा ने सरकार की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह केवल परिसीमन का मामला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और राज्यों के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया।

अब 30 नवंबर की बैठक पर टिकी नजरें

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की होगी। यदि विधेयक पारित होता है तो लोकसभा की संरचना, राज्यों का प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।