जयपुर के मदरसा स्कूलों में देशभक्ति की धूम
76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
जयपुर(रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस विशेष दिन पर शहर के विभिन्न पंजीकृत मदरसा स्कूलों में भी देशभक्ति का ज्वार देखने को मिला। मदरसों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तिरंगे के सम्मान में राष्ट्रगान गाया। जयपुर के मदरसा कौसर पब्लिक स्कूल, मदरसा जामिया तैयबा, मदरसा इकरा तालीमुल कुरआन, मदरसा अल हबीब, मदरसा तहाफिजुल कुरआन, मदरसा मुस्लिम मिडिल स्कूल चाकसू, मदरसा नूरे ईलाही, मदरसा ए जौहर, मदरसा मोइन उल इस्लाम और मदरसा रहीमिया दावतुल ईमान सहित कई मदरसों में गणतंत्र दिवस के रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में छात्रों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने मदरसों में आयोजित इन कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि सभी समुदाय मिलकर राष्ट्रीय त्योहारों को मनाएं और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करें।

मदरसा जामिया तैयबा में संचालक कारी इसहाक ने छात्रों को देशभक्ति का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर मदरसे में पुलिस के कई आला अधिकारी एवं स्थानीय पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा, मदरसा तालीमुल कुरान, सांगानेर में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने हिंदुस्तान की शान में गाना गाकर प्रोग्राम का आगाज किया। वहीं मदरसा मस्जिद किदवई नगर, जयपुर में भी 76वां गणतन्त्र दिवस मनाया गया, जिसमें राष्ट्रीय तिरंगा झण्डा मदरसा अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद सलीम द्वारा झण्डा रोहण किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय पार्षद और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। छात्रों के उत्साह और जोश ने सभी का मन मोह लिया। मदरसों में मनाए गए गणतंत्र दिवस समारोह ने सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
