सारी दुनिया आदम की संतान, हजरत आदम के धर्म पर चलना ही घर वापसी – मलिक मोतसिम ख़ान
जमाअते इस्लामी हिंद का एक दिवसीय जनसम्मेलन सम्पन्न
शब्बीर हुसैन
कोटा (रॉयल पत्रिका)। जमाअते इस्लामी हिंद कोटा इकाई द्वारा एम.आई. गार्डन, बोरखेड़ा में हाड़ौती सम्भाग का रविवार 19 जनवरी 2025 को एक जनसम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें बारां, मांगरोल, सांगोद, झालावाड़ व कोटा शहर से हज़ारों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजक गुलशेर अहमद ने बताया कि जन सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली से संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मलिक मोतसिम ख़ान व राष्ट्रीय मीडिया सचिव सलमान अहमद तथा अन्य अतिथि के रूप में प्रदेशाध्यक्ष नाज़िमुद्दीन पधारे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मलिक मोतसिम ख़ान ने अपने सम्बोधन में कहा कि आजकल देश में घर वापसी का बड़ा मुद्दा चल रहा है, उन्होंने कहा कि सारी दुनिया के लोग आदम की संतान हैं, अगर किसी को घर वापसी करनी है तो उसे आदम के धर्म पर चलना चाहिए जो इस्लाम के पहले पैग़म्बर थे। ख़ान ने आगे अपने सम्बोधन में कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने की बात करने वाले लोगों की मंशा मुस्लिमों को इस्लाम से दूर करना है तो उनको यह बात जान लेनी चाहिए कि मुसलमान ना तो इस्लाम छोड़ेगा और ना ही देश। वहीं प्रदेशाध्यक्ष नाज़िमुद्दीन में अपने सम्बोधन में कहा कि पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने मुसलमानों को जो संदेश दिया था कि अपनी औरतों से अच्छा व्यवहार करना,अमानत में ख़यानत ना करना,सत्य बात की गवाही देना, न्याय करना,आपस में मुहब्बत करना आदि, हमें और सभी मुसलमानों को इसी संदेश पर चलना चाहिए।
वहीं जयपुर से पधारीं महिला मोर्चा प्रभारी हारिसा ने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कॉलेज और समाज में फैल रही बुराइयों को रोकने के लिए हमें इस्लामी उसूलों को समझना और उसका अनुसरण करना ज़रूरी है। वहीं हाड़ौती संभाग प्रभारी मुत्तलिब मिर्ज़ा ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जमाअते इस्लामी हिंद ने पिछले 70 वर्षों में मुसलमानों को नैतिकता और न्याय से दूर होने से बचाने का कार्य किया है और साथ ही जमाअते इस्लामी हिंद ने मुसलमानों को आपस में बंटने से बचाने तथा हिंदू -मुस्लिम में एकता बची रहे इसके लिए बहुत प्रयास किए हैं और आगे की करती रहेगी। कार्यक्रम संयोजक गुलशेर अहमद ने बताया कि जनसम्मेलन में राष्ट्रीय मीडिया सचिव सलमान अहमद, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी रुबीना अबरार, प्रदेश सचिव सरफराज़ फलाही ने भी सम्बोधित किया। जनसम्मेलन में हज़ारों की संख्या में लोग शामिल हुए तथा कार्यक्रम का संचालन शहर अध्यक्ष शाकिर मिर्ज़ा ने किया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
