सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, शोपियां-पुलवामा में 6 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार!

जम्मू

Jammu Kashmir Terrorist Arrest : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है।

सोमवार रात और मंगलवार को अलग-अलग इलाकों में चलाए गए सर्च और चेकिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 8 संदिग्ध आतंकियों और आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और बताए गए ठिकानों से हथियार, हैंड ग्रेनेड और आतंकी संगठन से जुड़े पोस्टर बरामद किए गए हैं।

शोपियां में 6 संदिग्ध गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान 6 संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान उनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड और हिजबुल मुजाहिदीन के 5 पोस्टर बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इनका किसी सक्रिय आतंकी नेटवर्क से संबंध है या नहीं और इनके पास हथियार या आतंकी सामग्री कहां से पहुंची।

पुलवामा के जंगल में भी कार्रवाई

पुलवामा जिले में भी सुरक्षाबलों ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया। यरवान जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां अब दोनों से पूछताछ कर उनके संभावित संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन लोगों का किसी आतंकी संगठन या उसके मददगारों से सीधा संपर्क था।

सोपोर में AK-47 और IED बरामद

इससे पहले सोमवार रात सोपोर के मंजसीर इलाके में सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया था। तलाशी के दौरान एक खाली पड़े मकान से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों के मुताबिक, मकान से एक AK-47 राइफल, 3 मैगजीन, 72 कारतूस, 4 हैंड ग्रेनेड और एक IED बरामद किया गया। बरामद सामग्री को सुरक्षाबलों ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि खाली मकान का इस्तेमाल हथियार या आतंकी सामग्री छिपाने के लिए किया गया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

अप्रैल में भी 16 साल से फरार पाकिस्तानी आतंकी भी पकड़ा

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इससे पहले 7 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक टेरर मॉड्यूल के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें दो पाकिस्तानी आतंकी और उनके कथित मददगार शामिल थे। इनमें से एक की पहचान अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरेरा के रूप में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वह करीब 16 साल से फरार था। दूसरे पाकिस्तानी आतंकी की पहचान उस्मान उर्फ खुबैब के तौर पर बताई गई थी। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।